यूपी में कल से मौसम में बहुत बड़ा बदलाव होने जा रहा है और 9 जनवरी तक बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग की ओर से बारिश के साथ-साथ कई जगहों पर ओले पड़ने की आशंका भी जताई गई है.उत्तर प्रदेश में ठंड का कहर जारी है. इस बीच बढ़ते वायु प्रदूषण ने भी सांस लेना मुश्किल कर दिया है. दूसरी तरफ प्रदेश के कई शहरों में घने कोहरे की वजह से दृश्यता काफी कम हो गई है. इसकी वजह से भी लोगों को काफी परेशानी हो रही है. हालांकि पूरे प्रदेश में कल से मौसम में बड़ा बदलाव होने जा रहा है और 9 जनवरी तक बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग की ओर से बारिश के साथ-साथ कई जगहों पर ओले पड़ने की आशंका भी जताई गई है. इसके बाद तापमान में और अधिक गिरावट आने की उम्मीद की जा रही है.
मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार से लेकर शनिवार तक प्रदेश के तमाम शहरों में आसमान में बादल छाए रहेंगे. इस दौरान कई स्थानों पर बारिश भी हो सकती है. बारिश के कारण शहरों के प्रदूषण के स्तर में कमी आने की संभावनाएं है. वहीं न्यूनतम तापमान बढ़ेगा और ठंड का स्तर बना रहेगा. मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से मौसम में बदलाव मंगलवार की शाम से दिखना शुरू हो जाएगा. फिलहाल प्रदेश में अभी शीतलहर चलने की आशंका नहीं जताई गई है
