Primary Ka Master Latest Updates👇

Friday, March 25, 2022

40 में से 33 सीटें देने वाले ब्रज क्षेत्र को मिला जीत दिलाने का इनाम, चार कैबिनेट समेत सात बने मंत्री

 यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा के ब्रज में अच्छे प्रदर्शन का परिणाम शुक्रवार को योगी सरकार 2.0 में भी नजर आया। ब्रज से चार कैबिनेट समेत सात मंत्री बनाए गए हैं, जबकि पिछली बार सरकार गठन के समय चार विधायकों को मंत्रिमंडल में स्थान मिला था।



उत्तराखंड के राज्यपाल पद से इस्तीफा देकर आईं बेबीरानी मौर्य (आगरा ग्रामीण), योगेंद्र उपाध्याय (आगरा दक्षिण), चौधरी लक्ष्मीनारायण (छाता, मथुरा) और जयवीर सिंह (मैनपुरी सदर) को इस बार कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।


वहीं अतरौली से विधायक और कल्याण सिंह के पौत्र संदीप सिंह के साथ ही आगरा निवासी एमएमसी धर्मवीर प्रजापति को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार तथा अलीगढ़ की खैर सुरक्षित सीट से निर्वाचित अनूप वाल्मीकि को राज्यमंत्री बनाया गया है। 



ब्रज क्षेत्र में आने वाले आगरा-अलीगढ़ मंडल की 40 में से 33 सीटें जीतकर भाजपा ने इस बार सबको चौंकाया था। किसान आंदोलन समेत कई मुद्दों के चलते इलाके में बड़े नुकसान की आशंका भाजपा को थी, मगर वह वर्ष 2017 के प्रदर्शन से महज एक सीट (34) ही दूर रही।


पिछली बार आगरा जनपद के खाते में एक भी मंत्री पद नहीं था लेकिन मंत्रिमंडल विस्तार में दो राज्यमंत्री मिल गए थे। इस बार दो कैबिनेट मंत्री और एक राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार मिलने से आगरा का कद ऊंचा हो गया।



चौधरी लक्ष्मीनारायण को उनके अनुभव के चलते कैबिनेट मंत्री पर दोहराया गया है, तो यादव लैंड में प्रभावी जीत का तोहफा जयवीर सिंह को मिला है। पिछली योगी सरकार में ऊर्जा मंत्री रहे श्रीकांत शर्मा ने एक लाख मतों से जीत हासिल की। उनके समर्थकों को इस बार भी उनके मंत्रिमंडल में आने की उम्मीद थी लेकिन निराशा हाथ लगी।


40 में से 33 सीटें देने वाले ब्रज क्षेत्र को मिला जीत दिलाने का इनाम, चार कैबिनेट समेत सात बने मंत्री Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link