गाजियाबाद। विजयनगर क्षेत्र के प्रताप विहार में नाला निर्माण के लिए की गई खोदाई के चलते स्कूल की दीवार गिर गई हादसे में नाला का निर्माण का काम कर रहे पांच मजदूर दब गए। देर रात करीब दो बजे हुए इस हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मियों ने पांचों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला। इनमें से तीन मजदूर अतहर (23), मुनकेश (18) निवासी कुरसेल, अररिया और तौफीक आलम (21) निवासी बगदहरा अररिया बिहार की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य दो पायलों साबिर और मेराजुद्दीन को संतोष अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नगर निगम और ठेकेदार की लापरवाही से हुई तीन मजदूरों की मौत के बाद पहुंचे साथी मजदूरों और रिश्तेदारों ने हंगामा किया। मुआवजे की मांग पूरी न होने पर उन्होंने दोपहर तक शव का पोस्टमार्टम नहीं होने दिया। मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा दिए जाने और शवों को बिहार तक जाने का आश्वासन मिलने पर उनका आक्रोश शांत हुआ और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। नगरायुक्त ने मुख्य अभियंता (निर्माण:)) और महाप्रबंधक (जलकल) के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित कर तीन दिन में रिपोर्ट मांगी है। नगर निगम की ओर से 1.04 करोड़ की लागत से यह नाला निर्माण कराया जा रहा था।

