हमें एनपीएस और खुद को ओपीएस नहीं चलेगी-नहीं चलेगी, बोले कर्मचारी
अमृत विचारः पुरानी पेंशन योजना बहाली संयुक्त मंच के बैनर तले बुधवार को प्रांतीय स्तर पर शुरू की गई रथयात्रा का शहर पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। खिरनीबाग रामलीला मैदान में रथयात्रा के स्वागत के बाद शिक्षकों और कर्मचारियों ने मोटर साइकिल रैली के माध्यम से रथयात्रा को मालगोदाम प्लेटफार्म सभा स्थल तक ले गए। इस अवसर पर राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री शिव वरन सिंह यादव ने कहा कि पुरानी पेंशन खैरात में नहीं चाहिए, यह सभी शिक्षकों और कर्मचारियों का हक है, जिसे सरकार ने रोक रखा है। उन्होंने कहा कि हमें एनपीएस और खुद को ओपीएस, नहीं चलेगी नहीं चलेगी। यह बदलाव का वक्त है, अपने हक के लिए हर स्तर पर आर-पार की लड़ाई के लिए सभी कमर कस चुके हैं।
पंचायती राज सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि सभी साथी हौसला बनाए रखें, ओपीएस बहाल होकर रहेगी। नई दिल्ली में 10 अगस्त को देशभर के शिक्षक-कर्मचारी अपनी ताकत का अहसास सरकार को जरूर कराकर रहेंगे। उन्होंने आह्वान किया कि जो साथी लड़ना और खून बहाना जानते हों, वह नई दिल्ली जरूर पहुंचें। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष एनडी द्विवेदी ने कहा कि अब समय आ गया है, किसी को हाथ पर हाथ रखकर बैठने की जरूरत नहीं है। अभी नहीं तो कभी नहीं की तर्ज पर विराट आंदोलन खड़ा करने की जरूरत है। पुरानी पेंशन यानि ओपीएस पर डाका नहीं डालने देंगे। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष योगेश त्यागी ने कहा कि ओपीएस रथयात्रा का संकल्प और उद्देश्य पूरा होता दिख रहा है।
कानपुर से शुरू हुई रथयात्रा 68 जिलों में होते हुए शाहजहांपुर पहुंची है। साथियों के जोश और उत्साह को देखते हुए यह लड़ाई जीती हुई लग रही है, हमें सिर्फ धैर्य के साथ एक दूसरे का हाथ नहीं छोड़ना है। शिक्षक नेता डॉ. रत्नाकर दीक्षित के संचालन में चली सभा की अध्यक्षता जिला संयोजक नरमू के सह मंडल मंत्री नरेंद्र त्यागी ने की।
इससे पहले पीलीभीत के रास्ते शहर सीमा में प्रवेश करने पर रथयात्रा का स्वागत निगोही में किया गया। वहां से स्थानीय नेता ढोल बाजे के साथ रथ यात्रा को लेकर खिरनीबाग रामलीला मैदान पहुंचे, जहां पहले से बड़ी संख्या में मौजूद शिक्षकों और कर्मचारियों ने रथयात्रा का नेतृत्व संभालने वाले साथियों को फूल मालाएं पहनाकर और जोरदार नारेबाजी के साथ किया। मोटर साइकिल रैली के दौरान अमर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण भी किया गया। इस अवसर पर शिक्षक नेता मगरे लाल, अजय वर्मा, ऋषिकांत पांडेय, जागेश पाली, कर्मचारी नेता मोहम्मद मोबीन, अनंत वाजपेयी, अमित सिंह, गोपाल बाबू, दिनेश गंगवार, अरविंद कुमार, सुभाष चंद्र मिश्रा, विश्राम सिंह, गौरव पांडेय, चित्रेश यादव, सुनील कुमार, राजकमल आर्य, मो. नफीस, गौरव शुक्ला, सचिन मिश्रा, समेत बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।


