शिक्षकों को उठा ले गई पुलिस, नहीं हो सका निपुण एसेसमेंट टेस्ट
जासं, सिद्धार्थनगर: डुमरियागंज के परिषदीय विद्यालय गौरा में हुई चोरी के मामले में पुलिस वहां के शिक्षकों को ही उठा ले गई। इस कारण शनिवार को बच्चों का निपुण एसेसमेंट टेस्ट नहीं हो सका।
पुलिस सुबह आठ से लेकर शाम पांच बजे तक प्रधानाध्यापक शिवप्रकाश पांडेय और दो शिक्षकों आनंद प्रकाश व महेंद्रनाथ को शाहपुर चौकी शाम पांच बजे तक बिठाए रखा गया। शिक्षकों ने मामले की जानकारी राष्ट्रीय शैक्षणिक महासंघ के जिलाध्यक्ष को दी। 11 सितंबर को गौरा बाजार परिषदीय स्कूल में चोरों ने दो गैस सिलेंडर, दो बड़ा भागौना, एक बड़ी कड़ाही व टुल्लू पंप की चोरी की थी।
इस मामले में प्रधानाध्यापक ने चौकी पर तहरीर दी। मुकदमा दर्ज करने की जगह शाहपुर पुलिस अध्यापकों को ही आरोपित बनाकर पूछताछ करने लगी। अध्यापकों ने बताया कि चौकी इंचार्ज ने मामला निस्तारण के नाम पर उनसे 20 हजार रुपये की मांग भी की। पैसा न देने पर चोरी के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। चौकी इंचार्ज जयप्रकाश प्रसाद का कहना है कि शिक्षकों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
एसओ इटवा संतोष तिवारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है चौकी इंचार्ज से करवाई की रिपोर्ट मांगी गई है। समुचित जवाब न मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

