रामपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कैलाश बाबू पटेल और जिला मंत्री आनंद प्रकाश गुप्ता ने एडी बेसिक बुद्ध प्रिय सिंह को भेजे ज्ञापन में कहा था कि जनपद के 800 शिक्षकों ने सरकार और विभाग द्वारा दिए गए विश्वास के आधार पर अपने वेतन से एनपीएस कटौती की अनुमति प्रदान की थी मगर विभाग के वित्त एवं लेखा अधिकारी अशोक कुमार ने इनमें से 480 शिक्षकों के साथ विश्वासघात करके इनकी एनपीएस की धनराशि बिना उनकी सहमति के प्राइवेट कंपनी में भेज दी। जो 20 करोड़ रुपये से अधिक है। शिक्षक संघ ने एडी बेसिक से मांग की थी कि वह मंडल के सर्वोच्च विभागीय अधिकारी होने के नाते लेखा अधिकारी के विरुद्ध एफआईआर लिखाएं और उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही की संस्तुति करें। ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए एडी बेसिक बुद्ध प्रिय सिंह ने बीएसए संजीव कुमार को निर्देश दिए हैं कि वह ज्ञापन का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई कर अवगत कराएं। संवाद

