Primary Ka Master Latest Updates👇

Wednesday, January 24, 2024

आफत मौसम का रेड अलर्ट जारी शीतलहर चलेगी, पाला भी पड़ेगा

 यूपी समेत उत्तर भारत के कई राज्यों दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, कश्मीर व उत्तराखंड में सर्दी का सितम जारी है। मंगलवार को कई इलाकों में कोहरा और शीत लहर का प्रकोप रहा। मौसम विभाग ने यूपी में बुधवार के लिए कड़ाके की सर्दी का रेड अलर्ट जारी किया है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र से जारी बुलेटिन के अनुसार प्रदेश में एक या दो स्थानों पर शीतलहर चलने के आसार हैं। इस दरम्यान पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर और पूर्वी अंचल में कई स्थानों पर घने से बहुत घना कोहरा छाया रहने के आसार हैं। बरेली में सोमवार की रात इस सीजन की दूसरी सबसे सर्द रात रही और तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मंगलवार दिन के तापमान में 3 डिग्री की गिरावट आई और यह 11.1 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया।


कश्मीर में तापमान शून्य से नीचे, कड़ाके की सर्दी

श्रीनगर। कश्मीर भीषण शीतलहर की चपेट में है। घाटी में सोमवार रात को तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कश्मीर में मौसम शुष्क है और बर्फबारी नहीं होने से रात में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है।


लंबी खिंची शीतलहर से गेहूं बौना ,घटेगी पैदावार

कानपुर। 11 जनवरी से लगातार जारी शीतलहर से फसलें प्रभावित होने लगी हैं। कृषि विशेषज्ञों के आकलन के मुताबिक गेहूं के पौधे बौने हो रहे हैं। आलू को झुलसा जकड़ रहा है। तिलहन भी प्रभावित है। ऐसे में उत्पादन पर असर पड़ेगा।



कड़ाके की ठंड और शीतलहर से बरेली समेत पूरा रुहेलखंड कांप रहा है। मौसम विभाग ने 3 दिन का कोल्ड अलर्ट जारी किया है। सोमवार की रात सीजन की दूसरी सबसे सर्द रात रही और तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा और पूरा दिन ठंड से लोग कांपते रहे। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले तीन दिन तक कंपाने वाली ठंड पड़ेगी।

मंगलवार को सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। सुबह 11 बजे तक भी आसमान साफ नहीं हुआ था और दृश्यता कम रही। इसके चलते जनजीवन प्रभावित हुआ। दिन के तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई और 11.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया। वहीं रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। रात में 4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया जो इस सीजन में दूसरा सबसे कम रहा। इसके पहले 17 दिसंबर को 3.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया था।


तारीख अधिकतम न्यूनतम


23 जनवरी 11.1 4.0


22 जनवरी 14.6 9.2


21 जनवरी 12.5 6.4


20 जनवरी 14.1 8.2


19 जनवरी 10.2 7.8


बेंगलुरु और

 दिल्ली की फ्लाइट रही निरस्त

कोहरे के चलते मंगलवार को कम दृश्यता होने से बेंगलुरु व दिल्ली की फ्लाइट बरेली के लिए निरस्त रही। दोनों फ्लाइट वहीं से न आने के कारण यहां से भी निरस्त रहीं। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने दोनों विमानों को उड़ान की अनुमति नहीं दी थी। दोनों विमान रनवे पर ही मंगलवार को खड़े रहे।


रात वाली ट्रेन दोपहर में पहुंची बरेली


कोहरे के चलते ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री रात स्टेशन में काटने को मजबूर हो रहे हैं। कानपुर से अमृतसर को जाने वाली 22445 अमृतसर साप्ताहिक सुपरफास्ट ट्रेन सोमवार को रात 1104 की जगह मंगलवार दोपहर 1231 बजे कुल 1330 घंटे देरी से जंक्शन पहुंची। 13307 गंगा सतलुज एक्सप्रेस सात घंटे, 14205 अयोध्या एक्सप्रेस तीन घंटे, 15651 लोहित एक्सप्रेस दो घंटे लेट रही।


सुन्न पड़ गईं हड्डियां


ओपीडी में बढ़ गए मरीज


बरेली, वरिष्ठ संवाददाता। शीतलहर के चलते बढ़ी गलन और कड़ाके की ठंड में हड्डियों, जोड़ों में दर्द के मरीज बढ़ गए हैं। हड्डियों की बीमारी से जुड़े मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जिला अस्पताल में मंगलवार को ऑर्थोपेडिक सर्जन की ओपीडी में मरीजों की लंबी लाइन लगी रही। अधिकांश मरीज जोड़ों में दर्द से परेशान रहे।


मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में हड्डी रोग विशेषज्ञ को दिखाने के लिए मरीजों की लंबी कतार लगी रही। अधिकांश बुजुर्ग मरीज जोड़ों में दर्द से परेशान हैं। जिला अस्पताल के ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉक्टर दिनेश गंगवार ने बताया कि सर्दी के मौसम में गलन बढ़ने पर हड्डियों, जोड़ों में दर्द की समस्या बढ़ जाती है। पुराने मरीज को दिक्कत अधिक होती है। इसके साथ ही हड्डियों जोड़ो के ऑपरेशन वाले मरीजों को भी परेशानी होती है।

आफत मौसम का रेड अलर्ट जारी शीतलहर चलेगी, पाला भी पड़ेगा Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link