पटना। शिक्षा विभाग और उसके निदेशालयों में प्रतिनियुक्ति पर कर्मचारी नहीं रखे जायेंगे। इसके मद्देनजर शिक्षा विभाग के विभिन्न प्रशाखाओं एवं कोषांगों में प्रतिनियुक्ति पर चल रहे 16 कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति तत्काल प्रभाव से रद्द की गयी है।
जिन कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति रद्द की गयी है, उन्हें चौबीस घंटे के अंदर मूल पदस्थापन वाले स्थल पर योगदान करने का निर्देश दिया गया है। चौबीस घंटे के अंदर मूल पदस्थापन वाले स्थल पर योगदान नहीं करने वाले कर्मचारियों पर अनुशासनिक काररवाई होगी। तत्काल प्रभाव से 16 कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति रद्द करने का आदेश माध्यमिक शिक्षा निदेशक कन्हैया प्रसाद श्रीवास्तव के हस्ताक्षर से शुक्रवार को जारी हुआ है। इन 16 कर्मचारियों में परिचारी स्तर के कर्मचारी हैं।

