Primary Ka Master Latest Updates👇

Sunday, July 28, 2024

Bihar news: बच्चों की बेहोशी के बाद भी विद्यालय में नहीं लगे पंखे

 संवाद सहयोगी, जागरण मीनापुर :


प्रखंड के हरका मानशाही राजकीय मध्य सह उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को ढाई दर्जन बच्चे उमस व गर्मी से बेहोश हो गए थे। इसके बाद भी शनिवार को क्लास में पंखा नहीं लग सका। गर्मी में ही बैठकर बच्चे पढ़ने को मजबूर रहे। एचएम सुरेंद्र राम ने बताया कि विद्यालय में वर्ग एक से नौ तक कुल नामांकित विद्यार्थी 638 में शुक्रवार को 441 आए थे। घटना के बाद शनिवार को मात्र 170 विद्यार्थी ही विद्यालय आए। 638 बच्चों को पढ़ाने के लिए कुल 13 क्लास रूम व 15 शिक्षक पदस्थापित हैं। बेहोश हुए विद्यार्थियों में दूसरे दिन कोई भी विद्यालय नहीं आया। सातवीं कक्षा की उपस्थिति पंजी शुक्रवार को किसी ने गुम कर दी। 10वीं से इंटर तक का रजिस्टर उपलब्ध नहीं होने से आंकड़ा बताने में एचएम असमर्थ दिखे। बताया गया कि एक कमरे का





इस्तेमाल मिड-डे मील का सामान रखने में हो रहा है। वहीं, एक कमरे में मरम्मत का कार्य चल रहा है। एचएम का कहना था एक महीना से फर्श, दीवार सहित अन्य जगहों की मरम्मत कार्य जेई रौशन कुमार की देखरेख में चल रहा है। जेई से फोन पर बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने काल रिसीव नहीं की। कम उपस्थिति पर एचएम ने कहा कि कुछ बच्चों ने





स्कूल बंद होने की अफवाह फैला दी। पंखा सिर्फ कार्यालय व मध्याह्न भोजन सामग्री रखने वाले स्टाक रूम में हीं लगा है। अन्य क्लासरूम में पंखा लगाने की जवाबदेही जेई की है जो अबतक नहीं लग पाए हैं। भीषण गर्मी में पंखे के बिना बच्चों की पढ़ाई कैसे संभव हो पाएगा यह चिंता का विषय है। हाईस्कूल के भवन की निर्माण प्रक्रियाधीन है। स्कूल कैंपस में चार


महीना पहले बना सौख्ता टूट गया, जिसमे कभी भी बच्चे गिर सकते हैं । बताया कि विभाग ने 15 दिन पहले करीब 200 ओआरएस के पैकेट दिए थे। इनको अभी किसी भी बच्चे को नहीं दिया गया है।


मालूम हो कि शुक्रवार को 30 विद्यार्थी व दो शिक्षक विद्यालय में बेहोश हो गए थे। इनका सीएचसी में इलाज हुआ था। एचएम का कहना था कि छात्र उमसभरी गर्मी से बेहोश हुए थे, जबकि छात्रों का आरोप था कि क्लासरूम में पंखा नहीं होने का विरोध करने पर शिक्षक ने पिटाई कर दी थी। दोपर 2.20 बजे विद्यालय में शिक्षक के अलावा एक भी बच्चा उपस्थित नहीं मिला, जबकि दोपहर 3.15 से शाम चार बजे तक मिशन दक्ष के तहत कमजोर बच्चों को पढ़ाने का आदेश है। इस संबंध में बीईओ वंदना कुमारी से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन घटना के बाद से उनका मोबाइल स्विच आफ ही बता रहा है।

Bihar news: बच्चों की बेहोशी के बाद भी विद्यालय में नहीं लगे पंखे Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link