Primary Ka Master Latest Updates👇

Sunday, February 22, 2026

चौकी में दस हजार के लिए हाईस्कूल के परीक्षार्थी को थर्ड डिग्री

चौकी में दस हजार के लिए हाईस्कूल के परीक्षार्थी को थर्ड डिग्री

आगरा। किरावली थाने की मिढ़ाकुर पुलिस चौकी पर शुक्रवार को हाईस्कूल के छात्र को बेरहमी से पीटा गया। घरवालों का आरोप है कि दस हजार रुपये नहीं देने पर बेटे को चौकी में थर्ड डिग्री दी गई। एक दरोगा ने डंडे तो दूसरे ने पट्टे मारे। बेटे का हाथ टूट गया है। सोमवार को उसकी हाईस्कूल की परीक्षा है। प्रारंभिक जांच के बाद दोनों दरोगाओं को निलंबित कर दिया गया है। गांव नानपुर निवासी 16 वर्षीय करन पुत्र नरेंद्र सिंह का गांव के कार्तिक पुत्र संजय से झगड़ा हो गया था। दोनों में मारपीट हुई थी।



कार्तिक के पिता ने इस संबंध में मिढ़ाकुर चौकी पर तहरीर दी थी। करन के ताऊ बबलू ने बताया कि शुक्रवार को दो पुलिस वाले गांव में आए। करन को पकड़कर ले जाने लगे। उनके पास फोन आया। उन्होंने पुलिस कर्मियों से कहा कि वह खुद बच्चे को लेकर चौकी पर आ जाएंगे। करन नाबालिग है। कार्तिक भी उसका हमउम्र है। बच्चों का विवाद है। दोपहर को परिवार के लोग करन को लेकर मिढ़ाकुर चौकी पर पहुंचे। कार्तिक पक्ष भी वहां मौजूद था। आरोप है कि चौकी पर मौजूद दरोगा ने समझौता कराने के एवज में दस हजार रुपये मांगे। करन के ताऊ बबलू ने कहा कि वह मजदूर हैं। इतनी बड़ी रकम नहीं दे सकते। पुलिस ने कहा तो कोई बात नहीं। लड़का जेल जाएगा। उन्होंने यह सुनकर हाथ-पैर जोड़े। पुलिस ने कहा कि इसके कुछ घंटे चौकी पर बैठा रहने दो। शाम सात बजे आकर ले जाना। घरवाले इसके लिए तैयार हो गए। शाम को चौकी पर पहुंचे। परिजनों को देखते ही करन फूट-फूटकर रोने लगा। बुरी तरह कांप रहा था। उसका एक हाथ सूज रहा था। यह देख घरवालों ने पुलिस से कहा कि इतनी बेरहमी से क्यों पीटा। यह कोई अपराधी नहीं है। पुलिस कर्मियों ने कहा कि गलती से डंडा लग गया। घर ले जाओ। इलाज करा देना। खर्चा भी हम दे देंगे। चौकी पर समझौता लिखवाया गया और करन को छोड़ दिया गया। कार्तिक भी अपने घरवालों के साथ चला गया। करन के घरवालों ने बताया कि वे डॉक्टर के पास गए थे। डॉक्टर ने कहा कि हाथ में फ्रैक्चर है। प्लास्टर चढ़ना पड़ेगा। उन्होंने कहा कुछ दिन रुक जाएं। करन की हाईस्कूल की परीक्षा है। सोमवार को वह परीक्षा कैसे देगा। परिजनों ने बताया कि दरोगा अनुराग ने पट्टे व दरोगा ईशान वर्मा ने डंडे से पीटा था।


मामले की जानकारी के बाद इसकी जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में किशोर के साथ चौकी पर मारपीट की पुष्टि हुई है। दोनों दरोगा अनुसाग और ईशान को निलंबित कर दिया गया है। अगर छात्र के परिजन तहरीर देते हैं तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।



आदित्य सिंह, डीसीपी

चौकी में दस हजार के लिए हाईस्कूल के परीक्षार्थी को थर्ड डिग्री Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link