Primary Ka Master Latest Updates👇

Tuesday, March 3, 2026

शिक्षक संघ ने खोला मोर्चा, 43 विद्यालयों का वेतन रोके जाने का आरोप

 आजमगढ़। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने जिला विद्यालय निरीक्षक पर मुख्यमंत्री के आदेशों की अनदेखी करते हुए 43 विद्यालयों के शिक्षकों व कर्मचारियों का वेतन रोकने का गंभीर आरोप लगाया है। सोमवार को हरिऔध नगर स्थित संघ कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष बृजेश राय ने कहा कि यह कार्रवाई जांच के नाम पर धनउगाही की मंशा को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर माध्यमिक शिक्षा परिषद के निदेशक द्वारा स्पष्ट आदेश जारी किया गया था कि रमजान और होली पर्व को देखते हुए संविदा कर्मियों सहित शिक्षा विभाग के सभी कर्मचारियों का वेतन 28 फरवरी तक हर हाल में भुगतान कर दिया जाए। इसके बावजूद जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से 43 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की जांच का हवाला देकर वेतन भुगतान रोक दिया गया, जो सरकार के आदेशों की खुली अवहेलना है।




उपाध्यक्ष ने जांच के नाम पर धनउगाही का लगाया आरोप, कहा-आंदोलन करेंगे


बृजेश राय ने कहा कि जब इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जिन विद्यालयों के एडहॉक प्रधानाचार्यों हैं, वहां की जांच चल रही है, उनका वेतन रोका गया है। जबकि माध्यमिक शिक्षा सचिव का स्पष्ट निर्देश था कि पर्वों के मद्देनजर किसी भी विद्यालय का वेतन जांच के नाम पर न रोका जाए और औपचारिकताएं होली के बाद पूरी की जाएं। इस दौरान जिला मंत्री विजय कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि जिला विद्यालय निरीक्षक का रवैया हमेशा शिक्षकों के विरोध में रहता है। उनके इस कदम से सैकड़ों शिक्षकों और कर्मचारियों की होली फीकी हो गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट आदेशों को दरकिनार कर 43 विद्यालयों का वेतन रोकना अधिकारी की मनमानी और अकर्मण्यता को दर्शाता है। शिक्षक संघ ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो संगठन इस मुद्दे को मुख्यमंत्री तक पहुंचाएगा और जिला विद्यालय निरीक्षक की इस कथित मनमानी के खिलाफ आंदोलन तेज किया जाएगा।




डीआईओएस का नहीं उठ रहा सीयूजी नंब


आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले के अफसरों को सीयूजी नंबर पर आने वाले हर कॉल को उठाने और जनसमस्याओं के निस्तारण का निर्देश दिया है, लेकिन कुछ अफसरों को छोड़कर अधिकतर अफसरों के सीयूजी नंबर या तो उठते ही नहीं हैं या उठते भी हैं तो उनके अधीनस्थ उनका नंबर उठाते हैं। बात नहीं हो पाती है। कुछ यही हाल प्रभारी डीआईओएस मनोज कुमार का है। पिछले एक सप्ताह से उनके सीयूजी नंबर 9454457357 पर लगातार फोन किया जा रहा लेकिन वह उठा नहीं रहे हैं। उनकी तरफ से वापस कॉल भी नहीं आ रहा है। ऐसे में साफ है कि कहीं न कहीं वह अपनी मनमानी कर रहे हैं। संयुक्त शिक्षा निदेशक नवल किशोर ने बताया कि डीआईओएस को फोन उठाना चाहिए। यदि वह नहीं उठा रहे तो गलत कर रहे हैं। इसके लिए उन्हें हमने बोला भी था कि फोन हर किसी का उठाए लेकिन वह नहीं सुन रहे। इसे लेकर कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षक संघ ने खोला मोर्चा, 43 विद्यालयों का वेतन रोके जाने का आरोप Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link