स्क्रूटनी पूरी 62 पदों पर होगी शिक्षकों की नियुक्ति
अब अप्रैल में साक्षात्कार आयोजित कराने की हो रही तैयारी
प्रयागराज : प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) राज्य विश्वविद्यालय में शिक्षकों के नियुक्ति की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 62 पदों पर भर्ती के लिए प्राप्त आवेदनों की स्कूटनी प्रक्रिया पूरी कर ली है, जिससे अब चयन की अगली और निर्णायक प्रक्रिया साक्षात्कार का मार्ग प्रशस्त हो गया है। विश्वविद्यालय के अधिकारियों के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाणपत्रों, अनुभव और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का गहन परीक्षण किया गया। यह स्क्रूटनी चरण इसलिए महत्वपूर्ण माना जाता है ताकि केवल योग्य और मानकों पर खरे
उतरने वाले अभ्यर्थियों को ही साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया जा सके।
अब अप्रैल माह में साक्षात्कार आयोजित कराने की तैयारी की जा रही है। विश्वविद्यालय में कुल 88 शिक्षकीय पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 21 पदों पर पहले ही नियुक्ति हो चुकी है। शेष 67 पदों में से 62 पदों के लिए पिछले वर्ष विज्ञापन जारी किया गया था। इन्हीं पदों पर अब नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन का लक्ष्य है कि नए शैक्षणिक सत्र के आरंभ होने से पहले सभी चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति कर दी जाए
ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। लंबे समय से रिक्त पड़े पदों के कारण कई विभागों में शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा था, जिसे अब इस भर्ती प्रक्रिया से मजबूती मिलने की उम्मीद है। कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि समयबद्ध तरीके से नियुक्तियां पूरी होने से शोध और नवाचार के क्षेत्र में भी विश्वविद्यालय नई ऊंचाइयों को छू सकेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि साक्षात्कार की तिथियों की घोषणा शीघ्र ही आधिकारिक वेबसाइट पर की जाएगी

