शौचालयों की स्वच्छता निगरानी प्रेरणा पोर्टल से
लखनऊ। माध्यमिक स्कूलों के शौचालयों की नियमित साफ-सफाई व्यवस्था की निगरानी अब प्रेरणा पोर्टल से की जाएगी। इसके तहत को-एजुकेशन वाले सभी माध्यमिक विद्यालयों के शौचालयों की वास्तविक स्थिति की मॉनिटरिंग के लिए प्रेरणा पोर्टल पर फोटो अपलोड करना अनिवार्य कर दिया गया है। प्रत्येक विद्यालय को शौचालय के अंदर और बाहर की स्पष्ट तस्वीरें अपलोड करनी होंगी।
विद्यालयों में केवल शौचालयों का निर्माण कार्य पूरा होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शौचालयों में स्वच्छता, नियमित सफाई और सुरक्षित दरवाजों की स्थिति भी सुनिश्चित की जाए। इससे शासन स्तर पर रियल-टाइम मॉनिटरिंग संभव होगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश नहीं रहेगी।
दरअसल, सरकार का विशेष फोकस छात्राओं के लिए पृथक एवं सुरक्षित शौचालयों की उपलब्धता पर है। सरकार का मानना है कि स्वच्छ और सुरक्षित शौचालय सुविधा मिलने से छात्राओं की विद्यालय में उपस्थिति बढ़ेगी, मासिक धर्म के दौरान सहजता होगी और ड्रॉपआउट दर में कमी आएगी। बालिकाओं की उपस्थिति बढ़ाने एवं ड्रॉप आउट कम करने के लिए सरकार की ओर से जिलाधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारियों और बेसिक शिक्षा अधिकारियों को विशेष अभियान चला कर विद्यालयों का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन विद्यालयों में मरम्मत या जल कनेक्शन की आवश्यकता है, वहां तत्काल कार्य प्रारंभ करने को कहा गया है। इतना ही नहीं इस कार्य में कोई कोताही न रह जाए इसके लिए आवश्यक बजट और संसाधनों की व्यवस्था के भी स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
