Primary Ka Master Latest Updates👇

Thursday, May 28, 2026

परिषदीय के छात्रों को मिलेगी पॉक्सो कानून की जानकारी

 गाजीपुर, । छात्रों की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग ने एक नई पहल शुरू की है। अब गाजीपुर के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों को पॉक्सो कानून और व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। इससे छात्रों में गुड टच-बैड टच, हेल्पलाइन और कानूनी अधिकारों की समझ होगी। गाजीपुर के 2266 परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले करीब 2.15 लाख छात्र-छात्राओं को इस अभियान का लाभ मिलेगा। कक्षा एक से आठ तक के छात्रों को उनकी उम्र के अनुसार सरल और संवेदनशील तरीके से सुरक्षा संबंधी शिक्षा दी जाएगी। इसमें छात्रों को गुड टच और बैड टच की पहचान, निजी अंगों की सुरक्षा, व्यक्तिगत सीमाओं की समझ और असहज स्थिति में सतर्क रहने जैसे विषय शामिल होंगे




अधिकार और कानून की मिलेगी जानकारी


नई व्यवस्था के तहत छात्रों को अधिकार और पॉक्सो कानून की जानकारी मिल जाएगी। उन्हें यह भी सिखाया जाएगा कि किसी भी गलत या असहज स्थिति में बिना डर के न कहना और तुरंत वहां से हट जाना जरूरी है। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों और कानूनी संरक्षण की जानकारी भी दी जाएगी। विद्यालयों में हेल्पलाइन नंबरों और शिकायत दर्ज कराने के तरीकों के बारे में भी बताया जाएगा। जिससे छात्र छात्राएं किसी भी विषम परिस्थिति से निपट सके।






प्रार्थना सभा के बाद दी जाएगी जानकारी


विभागीय अधिकारियों के अनुसार प्रार्थना सभा के बाद उन्हें जानकारी दी जाएगी। नए सत्र से लागू करने के लिए तैयारी की गयी है। इसके लिए हर बीस मिनट का समय भी निर्धारित रहेगा।



इस पहल का उद्देश्य छात्रों में भय पैदा करना नहीं, बल्कि उन्हें जागरूक, सतर्क और आत्मविश्वासी बनाना है। वर्तमान समय में छात्रों को केवल शैक्षणिक शिक्षा तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा से जुड़ी जानकारी देना भी आवश्यक है। इस पहल से छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे किसी भी असहज स्थिति का बेहतर तरीके से सामना कर सकेंगे।




उपासना रानी वर्मा, बेसिक शिक्षा अधिकारी

परिषदीय के छात्रों को मिलेगी पॉक्सो कानून की जानकारी Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Primary ka school

Social media link