यूपी में 8 डिग्री तक गिरा पारा, 60 से ज्यादा जिलों को लेकर फिर अलर्ट जारी
यूपी में बीते दिनों से लगातार आंधी और बारिश का दौर जारी है। ज्यादातर जिलों में गर्मी से लोगों ने राहत महसूस की है। रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-पानी और ओलावृष्टि हुई है। मौसम विभाग ने एक जून यानी सोमवार को 60 से ज्यादा जिलों में आंधी का अलर्ट जारी किया है। रविवार को हुई बारिश और ठंडी पछुवा हवाओं के कारण यूपी के कई शहरों का अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर गया, जिससे मई के आखिरी दिन मौसम सुहाना हो गया।
इटावा में अधिकतम तापमान सामान्य से रिकॉर्ड 7.9 डिग्री सेल्सियस कम होकर 34.0 डिग्री पर पहुंच गया। मुजफ्फरनगर में पारा सामान्य से 7.5 डिग्री नीचे गिरकर सबसे कम 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बीते 24 घंटों में पूर्वी यूपी के बलिया में रिकॉर्ड 34.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा मुरादाबाद में 21.8 मिमी, हरदोई में 19.4 मिमी, हमीरपुर में 3.0 मिमी, मेरठ में 2.4 मिमी और लखीमपुर खीरी में 2.0 मिमी बारिश दर्ज हुई। कई जगहों पर बारिश के साथ ओले भी गिरे।
आज इन जिलों में रहेगी आंधी-बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), अलीगढ़, मथुरा, बरेली, मुरादाबाद, झांसी, अयोध्या, बस्ती, आजमगढ़, मिर्जापुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी और बुंदेलखंड सहित प्रदेश के लगभग सभी प्रमुख जिलों और उनके आसपास के क्षेत्रों में आज तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा।
मलबे में दबे दो मासूम, आकाशीय बिजली से महिला की मौत
रविवार को यूपी के कई जिलों में आंधी-बारिश लोगों के लिए आफत बनकर आई। कई हिस्सों में आए आंधी-पानी और ओलावृष्टि के कारण तीन अलग-अलग हादसों में दो मासूम बच्चों और एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी कोतवाली अंतर्गत जैती गांव में रविवार दोपहर तेज बारिश के दौरान एक घर की कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई। मलबे की चपेट में आने से वहां खेल रहे मानिकचंद के छह वर्षीय बेटे कार्तिक की मौत हो गई, जबकि उसके भाई-बहन बाल-बाल बच गए
तेज आंधी-पानी के दौरान रविवार दोपहर लखनऊ के रहीमाबाद क्षेत्र के ईशु खेड़ा गांव में चबूतरे की दीवार ढहने से 10 साल के अनमोल की मलबे में दबने से मौत हो गई। अनमोल चबूतरे के पास नाली के पाइल में फंसा कचरा निकाल रहा था। तभी दीवार ढही। देवरिया में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला ने दम तोड़ दिया। गोरखपुर के ग्रामीण इलाकों में तेज आंधी के कारण बिजली के पोल धराशायी हो गए, जिससे दर्जनों गांवों की बत्ती गुल हो गई। इसके अलावा आगरा में दोपहर के समय कई इलाकों में करीब 20 मिनट तक झमाझम बारिश के साथ ओले भी गिरे। लखनऊ समेत प्रदेश के अधिसंख्य हिस्सों में बारिश हुई है तो कहीं पर ओलावृष्टि और तेज आंधी से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया

