माध्यमिक विद्यालयों की गतिविधियों की होगी ऑनलाइन निगरानी
झांसी। लखनऊ: शिक्षा की गुणवत्ता और सरकार के नियमों के पालन को सुनिश्चित कराने के लिए अब प्रदेश के साथ मंडल स्तर पर भी माध्यमिक विद्यालयों की गतिविधियों की निगरानी होगी ताकि इन विद्यालयों में पढ़ रहे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। यह व्यवस्था जुलाई से शुरू होने वाले नए सत्र से लागू होगी। इस पहल से विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन, वित्तीय प्रगति और भौतिक उपलब्धियों पर लगातार नजर रखी जा सकेगी।
मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डा. दिनेश कुमार ने बताया कि अपर राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा माध्यमिक ने ट्रैक शिक्षा पोर्टल पर संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय को भी जोड़ा है। राजधानी समेत हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव और रायबरेली के माध्यमिक विद्यालयों में संचालित समग्र शिक्षा की गतिविधियों को ऑनलाइन देखा जा सकेगा। किसी भी स्तर पर शिथिलता या विलंब की स्थिति में समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी।

