स्कूल में एक छात्र ने दूसरे को मारा चाकू
लंच में पानी पीने के लिए हुआ विवाद, पीठ में लगा चाकू
इकौना। क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में सोमवार को भोजन अवकाश के समय पानी पीने के लिए दो छात्रों में विवाद हो गया। इस दौरान कक्षा 11 के छात्र ने कक्षा आठ के छात्र की पीठ पर चाकू से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रधानाचार्य ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायल छात्र को इकौना सीएचसी पहुंचाया। वहां उसका उपचार किया गया।
प्रधानाचार्य ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। प्रभारी निरीक्षक परमानंद तिवारी ने बताया कि मामले में दोनों छात्रों के अभिभावकों ने समझौता कर लिया है। पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है।
मोबाइल प्रयोग और वेब सीरीज बना रही चिड़चिड़ा : सीएचसी इकौना के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि बच्चों पर किताबों का बोझ और कोर्स पूरा करने का दबाव रहता है। वहीं वर्तमान में बच्चे मोबाइल पर अनेक प्रकार के उत्तेजक गेम खेलते हैं और आधुनिकता और मारपीट वाली वेब सीरीज देख रहे हैं, जिसका सीधा असर उनके मन पर पड़ रहा है। इससे किशोरावस्था में प्रवेश करने वाले छात्र चिड़चिड़े बन रहे हैं और ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। एक इंटर कॉलेज के एक शिक्षक ने बताया कि वर्तमान में कॉलेजों में अनुशासन की कमी देखने को मिल रही है। इसके चलते बच्चे निरंकुश होते जा रहे हैं।
