युवाओं को 25 लाख टैबलेट मिलेंगे, इंटर्नशिप भत्ता बढ़ा
● युवा शक्ति को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा फैसला
● एमबीबीएस-बीडीएस छात्रों को 12 की जगह अब मिलेंगे 25 हजार रुपये
लखनऊ, । कैबिनेट ने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट खरीद प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता हुई बैठक में टेंडर प्रक्रिया में चयनित संस्थाओं को क्रय आदेश जारी किए जाने का फैसला लिया गया। ये टैबलेट पात्र युवाओं को निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। टैलबेट खरीद पर चालू वित्तीय वर्ष में 2,374.60 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है।
इसके साथ ही प्रदेश सरकार ने यूपी के राजकीय मेडिकल कॉलेजों, चिकित्सा संस्थानों और चिकित्सा विश्वविद्यालयों में रोटेटिंग इंटर्नशिप करने वाले एमबीबीएस और बीडीएस इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बड़ा इजाफा किया है। कैबिनेट बैठक में स्टाइपेंड 12 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने दो दिन पहले इंटर्नशिप बढ़ाने का आश्वासन दिया था।
उन्होंने प्रदेश भर के बीडीएस और एमबीबीएस छात्रों को बधाई देते हुए कहा है कि उनकी सभी जरूरी सुविधाएं सरकार की प्राथमिकताओं में हैं। डिप्टी सीएम ने बताया कि इस फैसले से प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों, चिकित्सा संस्थानों और संबद्ध अस्पतालों में रोटेटिंग इंटर्नशिप कर रहे डॉक्टरों को सीधा लाभ मिलेगा। नई व्यवस्था में प्रत्येक इंटर्न डॉक्टर को हर महीने 13 हजार रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।

