Primary Ka Master Latest Updates👇

Thursday, August 6, 2026

छात्र के सर्पदंश मामले में प्रधानाध्यापक सस्पेंड

 छात्र के सर्पदंश मामले में प्रधानाध्यापक सस्पेंड

बाराबंकी। क्षेत्र के देवगर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय सहावर प्रथम में सांप काटने से कक्षा तीन के छात्र की हुई मौत के मामले में बुधवार को प्रधानाध्यापक सुरेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया। जबकि शिक्षामित्र अमिता सिंह को टिभुई खेड़ा प्राथमिक विद्यालय से संबंद्ध किया गया है। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है।


विद्यालय परिसर में कक्षा तीन के मासूम छात्र की सांप काटने से हुई मौत के मामले को हिन्दुस्तान ने प्रमुखता से उठाया था। इस कार्रवाई को हिन्दुस्तान के असर से जोड़कर देखा जा रहा है।

बता दें कि कोतवाली क्षेत्र के देवगर गांव स्थित सहावर प्राथमिक विद्यालय प्रथम में गत 27 जुलाई को बढ़इनपुरवा गांव निवासी कक्षा तीन के छात्र अंशु (8) को सांप ने डस लिया था। जिसकी कक्षा में ही झाग फेंककर मौत हो गई थी। घटना के समय विद्यालय में शिक्षा मित्र अमिता सिंह ही मौजूद थीं। मृतक छात्र अंशु के परिजनों ने सीएचसी हैदरगढ़ में शव रखकर प्रदर्शन किया था। तब परिजनों ने आरोप लगाया था कि शिक्षा मित्र की लापरवाही के चलते बच्चे का समय पर इलाज नहीं हो सका। वहीं प्रधानाध्यापक सुरेन्द्र कुमार पर आरोप लगा कि विद्यालय में साफ-सफाई नहीं कराई। स्कूल परिसर में टायलेट के चारों ओर झाड़ियां उगी थीं। इसके बावजूद प्रधानाध्यापक साफ-सफाई के प्रति उदासीन बने रहे।




डीएम ने सांप काटने से बच्चे की मौत के मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए एडीएम, बीएसए एवं एएसपी की तीन सदस्यीय समिति का गठन किया। जांच समिति ने विद्यालय आकर जांच की। साथ ही हेडमास्टर, शिक्षा मित्र, रसोइयों एवं मृत बच्चे के परिजनों के बयान लिए। इसके बाद जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंपी। डीएम के निर्देश पर बीएसए नवीन कुमार पाठक ने विद्यालय में साफ-सफाई में लापरवाही बरतने के आरोप में प्रधानाध्यापक सुरेन्द्र कुमार को निलंबित कर दिया। शिक्षामित्र को टिभुईखेड़ा प्राथमिक विद्यालय से संबद्ध करने का आदेश एबीएसए त्रिवेदीगंज को दिया।




इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने बताया कि लापरवाही के आरोप में प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है, जबकि शिक्षामित्र को दूसरे विद्यालय से संबद्ध किया गया है। इसके अलावा छात्र अंशु की मौत के मामले में खंड शिक्षा अधिकारी को विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

छात्र के सर्पदंश मामले में प्रधानाध्यापक सस्पेंड Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link