पांच सौ शिक्षकों की सेवाएं जारी रहेंगी
लखनऊ,। छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन के बाद समाज कल्याण विभाग ने सर्वोदय विद्यालयों में तैनात रहे अंशकालिक शिक्षकों की सेवाएं जारी रखने का आदेश जारी कर दिया है। वहीं, मोहान रोड स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में प्रशासनिक कड़ाई के बाद हालात पटरी पर लौटने लगे हैं। मंगलवार को कक्षाएं सुचारु रूप से चलीं। खाने की गुणवत्ता में सुधार हुआ।
प्रदेश के करीब 100 सर्वोदय विद्यालयों में नियमित शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए 500 अंशकालिक (अतिथि शिक्षक) भी तैनात किए गए थे। इन शिक्षकों ने पिछले सत्र में सेवाएं दी थीं। जून में विभाग ने नए सिरे से रखे जाने के लिए विज्ञापन जारी किया था। इस फैसले के खिलाफ पिछले सत्र में पढ़ाने वाले अतिथि शिक्षक कोर्ट चले गए थे। इस बीच मोहान रोड स्थित विद्यालय के बच्चों ने शिक्षकों की कमी समेत दूसरी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पहले छात्रों ने रोड जाम कर विरोध जताया। फिर छात्राएं भी सड़क पर उतर आई थीं। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक उच्च स्तर पर वार्ता के बाद स्कूलों के प्रधानाचार्यों को मौखिक आदेश दिए गए हैं कि जब तक कोई व्यवस्था या नीति तय नहीं होती तब तक पहले तैनात रहे शिक्षकों को ज्वाइन करा लिया जाए।
सर्वोदय विद्यालयों के अंशकालिक शिक्षकों का मामला हाईकोर्ट में था। कोर्ट के आदेश के बाद सभी शिक्षकों को दोबारा रखने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। शिक्षकों की कमी ही प्रमुख मुद्दा था। विद्यालय की व्यवस्थाएं और बेहतर की जाएंगी।
- असीम अरुण, समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)

