रसोइयों को आज मिलेगा कैशलेस चिकित्सा कार्ड, ₹5 लाख तक मुफ्त इलाज की सुविधा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिषदीय और एडेड स्कूलों में कार्यरत करीब 3.53 लाख रसोइयों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित करेंगे। राजधानी स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मंच से 11 रसोइयों को कार्ड प्रदान करेंगे।
इस योजना के तहत प्रदेशभर के रसोइयों और उनके परिवार के सदस्यों को एक वर्ष में ₹5 लाख तक के मुफ्त उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
1500 रसोइयों की होगी सहभागिता
कार्यक्रम में प्रदेशभर से करीब 1500 रसोइयों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। जिला और तहसील स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित कर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से रसोइयों को सम्मानित किया जाएगा।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि रसोइयों के सम्मान समारोह का आयोजन बेहतर ढंग से किया जाए और उन्हें कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए जाएं।
रसोइयों को मिलेगा स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ
कैशलेस चिकित्सा कार्ड मिलने के बाद रसोइयों और उनके परिवार को इलाज के लिए आर्थिक सहायता मिलेगी। इससे लंबे समय से विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाले रसोइयों को स्वास्थ्य संबंधी खर्च में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

