यूपी बोर्ड परीक्षा की कॉपियों में पांच- पांच सौ के नोट बंधे मिले
मुजफ्फरनगर । उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज 2026 की कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल कई परीक्षार्थियों की बोर्ड कापी में पांच-पांच सौ के नोट मिले हैं। इस मामले में परीक्षा केंद्र प्रभारी सहित जिले के 12 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को नोटिस के बाद क्षेत्रीय कार्यालय मेरठ तलब किया गया। मंगलवार को हुई सुनवाई के बाद सभी 12 प्रधानाचार्य और जीआईसी मुजफ्फरनगर के प्रधानाचार्य का पक्ष सुना गया। इसके बाद क्षेत्रीय सचिव ने रिपोर्ट प्रयागराज प्रेषित की है। सुनवाई के दौरान प्रधानाचार्यों को क्षेत्रीय सचिव ने फटकार लगाई।
सामूहिक नकल कराने का अंदेशा जताया गया है। मुजफ्फरनगर के राजकीय इंटर कालेज में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों की जुलाई में कंपार्टमेंट व इम्प्रूवमेंट परीक्षा कराई गई थी। इस दौरान करीब 700 परीक्षार्थी शामिल हुए। जब कापियां जांच के लिए अन्य जिलों में पहुंची तो वहां सामूहिक नकल का अंदेशा हुआ। 12 विद्यालयों के 100 से ज्यादा परीक्षार्थियों की बोर्ड कापियों में 500-500 रुपये के नोट बंधे हुए निकले। मामला बोर्ड के अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया, जिसके बाद जांच शुरू हो गई।

