प्रधानाध्यापक गिरफ्तार, शिक्षक होंगे बर्खास्त, चलेगा स्पीडी ट्रायल
शिक्षकों की खोज तेज, पुलिस ने खंगाले होटल छात्राओं से छेड़खानी, आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने और धमकी देने के मामले में शिक्षा विभाग ने डुमरांव के बीइओ को भी शोकॉउज किया गया है. वहीं, प्रधानाध्यापक मु इमाम अली अंसारी को मिलने वाला राजकीय शिक्षक पुरस्कार-2026 रोक दिया गया है. जांच के दौरान आरोपी शिक्षक अरविंद कुमार के टीचर ट्रेनिंग सर्टिफिकेट से जुड़ा पुराना मामला भी सामने आया है. जानकारी के अनुसार 2023 में ही विभागीय जांच में उसका प्रमाणपत्र फर्जी पाया गया था. इधर, आरोपी शिक्षकों की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी डीएसपी समीर कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर छापेमारी शुरू कर दी गयी है. वायरल वीडियो में दिख रहे कमरे की पहचान के लिए शहर के विभिन्न होटलों की भी तलाशी ली गयी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो कहां बनाया गया था.
देह व्यापार की बात नहीं आयी सामने : एसपी
बक्सर के एसपी शुभम आर्य ने बताया कि दोनों आरोपी शिक्षकों की गिरफ्तारी के लिए डीएसपी के नेतृत्व में टीम बनायी गयी है. पुलिस ने विद्यालय पहुंचकर जांच की है और ग्रामीणों से भी जानकारी ली गयी है. कहा कि हर पहलू की जांच की जा रही है. कुछ लोगों ने विद्यालय की पास आउट छात्राओं से देह व्यापार कराने का आरोप भी लगाया है, इस संबंध में पूछे जाने पर एसपी ने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई मामला पुलिस के संज्ञान में नहीं आया है. जांच में ऐसी बात सामने आती है तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी

