Primary Ka Master Latest Updates👇

Monday, September 14, 2026

श्रमिकों का मोबाइल से भी पेंशन खाता खुलेगा

 पेंशन कोष नियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) जल्द ही असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों और कामगारों के लिए मोबाइल आधारित पेंशन खाता शुरू कर सकता है। इसके तहत ई-श्रम पोर्टल पर पहले से पंजीकृत कामगार मोबाइल फोन से कुछ आसान चरणों में पेंशन खाता खोल सकेंगे। साथ ही यूपीआई के जरिये उसमें छोटी-छोटी रकम जमा कर सकेंगे।



प्रस्तावित व्यवस्था का उद्देश्य उन लोगों के लिए औपचारिक सेवानिवृत्ति बचत को आसान बनाना है, जो संगठित कार्यबल से बाहर हैं। पीएफआरडीए ऐसी सरल डिजिटल व्यवस्था तैयार करने पर काम कर रहा है, जिसमें सरकार के ई-श्रम आंकड़ों में पहले से पंजीकृत कामगारों की जानकारी का इस्तेमाल किया जा सके। ई-श्रम में खाता खोलने के लिए जरूरी कई जानकारियां पहले से उपलब्ध हैं।




इससे मोबाइल पर कुछ क्लिक में पेंशन खाता खोलने की प्रक्रिया पूरी करने की योजना है। इस सुविधा को कई भारतीय भाषाओं में उपलब्ध कराने की भी योजना है, ताकि असंगठित क्षेत्र के कामगार पेंशन उत्पादों को आसानी से समझ और इस्तेमाल कर सकें।




गौरतलब है कि पीएफआरडीए ने 2025 में डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े कामगारों, खासकर गिग वर्करों को एनपीएस से जोड़ने के लिए एनपीएस ई-श्रमिक (प्लेटफॉर्म सेवा भागीदार) मॉडल भी शुरू किया था। इसमें प्लेटफॉर्म कंपनियों के जरिये काम करने वाले लोगों को एनपीएस में शामिल करने और योगदान की व्यवस्था की गई थी। पीएफआरडीए का जोर पेंशन को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने पर है। जनवरी-फरवरी 2026 में नियामक ने करीब 60 करोड़ कामगारों वाले कार्यबल में एनपीएस की पहुंच को काफी बढ़ाने का लक्ष्य सामने रखा था।




पीएफआरडीए गैर-सरकारी क्षेत्र के लिए गारंटीशुदा रिटर्न वाली पेंशन योजना तैयार करने पर भी काम कर रहा है। इसके लिए विशेषज्ञ समिति बनाई गई है, जो यह सुझाव देगी कि इस क्षेत्र के लिए व्यवस्था कैसे लागू की जा सकती है।

श्रमिकों का मोबाइल से भी पेंशन खाता खुलेगा Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link