ड्रेस न मिलने के मामले में बीएसए से तीन दिन में मांगा जवाब
अलीगढ़। बेसिक शिक्षा विभाग के कंपोजिट विद्यालय ताजपुर रसूलपुर लोधा के विद्यार्थियों का ड्रेस न मिलने और चेक का भुगतान करने के मामले में मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) ने बीएसए से तीन दिन में जवाब मांगा है।
अमर उजाला में 27 सितंबर के अंक में पेज नंबर 7 पर एक साल बाद न चेक वापस हुआ न ही ड्रेस मिली' शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई थी। इस खबर को मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) ने संज्ञान लिया है। उधर, कंपोजिट विद्यालय ताजपुर रसूलपुर के प्रधानाध्यापक अहमद सलमान ने बताया कि विद्यार्थियों के लिए ड्रेस का चेक दिया था, लेकिन एक साल बाद ड्रेस नहीं मिली। इसकी शिकायत उन्होंने उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री मुकेश कुमार सिंह से की थी। इसके बाद मुकेश कुमार सिंह ने मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) से प्रकरण की जांच कराने का अनुरोध किया था।
इस मामले में मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) ने बीएसए को स्वयं प्रकरण की जांच करके तीन दिन में आख्या देने का निर्देश दिया है।

