लखनऊ। शिक्षकों की मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए उप्र. माध्यमिक शिक्षक संघ (चंदेल गुट) ने डीआईओएस कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान संयुक्त शिक्षा निदेशक को ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदेशीय उपाध्यक्ष व प्रवक्ता डॉ. महेंद्र नाथ राय ने बताया कि विद्यालय के संचालन का नया समय लागू करना इंटरमीडिएट शिक्षा अधिनियम के विरुद्ध है। इसे वापस लिया जाए। उन्होंने वित्तविहीन शिक्षकों की सेवा नियमावली बनाने, समान कार्य का समान वेतन देने, पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने, माध्यमिक शिक्षकों को शासकीय विद्यालयों की भांति चिकित्सीय सुविधाएं देने की मांग उठाई। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य निर्मल श्रीवास्तव ने शिक्षकों के निजीकरण के खतरे से आगाह किया। मंडलीय मंत्री सुशील पांडेय, जिला अध्यक्ष विनोद कुमार मिश्र ने समस्याओं को जल्द निपटाने की मांग की। प्रदर्शन में लविवि संघटक महाविद्यालयों के शिक्षक डॉ. मनीष हिंदवी, जिला मंत्री अरुण कुमार वर्मा, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार गौतम आदि शामिल हुए। ब्यूरो

