अब तक इन शिक्षकों के शैक्षिक दस्तावेज का सत्यापन नहीं कर सके हैं बेसिक शिक्षा विभाग के अफसर
बरेली। वर्ष 2015-16 में बेसिक शिक्षा विभाग में 15 हजार शिक्षकों की भर्ती के दौरान बरेली में भी तीन सौ शिक्षकों की तैनाती की गई थी। छह साल में बेसिक शिक्षा विभाग इनमें से सिर्फ 127 शिक्षकों के ही प्रमाण पत्रों का सत्यापन कर पाया है, जबकि 173 शिक्षक बिना सत्यापन के स्कूलों में पढ़ा रहे हैं।
यूटा के बिथरी ब्लॉक के अध्यक्ष जितेंद्र गंगवार का कहना है कि इस मामले को लेकर शिक्षक संगठन बीएसए को कई बार ज्ञापन भी सौंप चुके है। मगर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। कहा, करीब 173 शिक्षक हैं जो सत्यापन का इंतजार कर रहे हैं ताकि सत्यापन के बाद उन्हें उनके शैक्षिक दस्तावेज वापस मिल सकें, लेकिन विभागीय हीलाहवाली के चलते सत्यापन नहीं हो पा रहा है। शिक्षकों को यह भी डर है कि अगर उनके कागजात खुर्द-बुर्द हो गए तो कहीं उनकी नौकरी खतरे में न पड़ जाए।
बीएसए विनय कुमार का कहना है कि कई शिक्षकों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराया जा चुका है। जो रह गए हैं उनका भी कराया जा रहा है।
