राज्यमंत्री के आवास पर शिक्षकों ने किया प्रदर्शन
दिबियापुर (औरैया)। यूटा पदाधिकारियों समेत आठ शिक्षकों पर दर्ज लूट के मुकदमे के विरोध में शिक्षकों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को शिक्षकों ने कृषि राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत के आवास के बाहर प्रदर्शन कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। मुकदमे वापस लेने की मांग की।
गुरुवार की शाम पांच बजे शिक्षकों ने यूटा संगठन के नेतृत्व में दिबियापुर में बाइक रैली निकाली कृषि राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत के आवास के बाहर प्रदर्शन करके उन्हें ज्ञापन सौंपा। यहां शिक्षक नेता जिला उपाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश बाधम आशीष त्रिपाठी, विशाल पोरवाल, विनय वर्मा ने उन्हें अवगत कराया कि बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा पार कर सरकार की छवि धूमिल कर रहे हैं।
उनके भ्रष्टाचार का विरोध करने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई करके लूट के फर्जी मुकदमे लिखाए है। शिक्षकों ने अवगत कराया कि बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध करने पर साजिश के तहत खंड शिक्षाधिकारी विधूना अवनीश यादव ने यूटा संगठन से जुड़े आठ शिक्षकों पर फर्जी लूट का मुकदमा दर्ज कराया है।
अगर निर्दोष शिक्षकों के खिलाफ मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो पूरे प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान सुनीता कटियार, मोनिका गुप्ता कल्पना पोरवाल, सुविधा राजपूत, संगीता पोरवाल, निशा गौतम, प्रदीप गुप्ता अनिल पाल, अवनीश राजपूत, दीपक गुप्ता, रजत त्रिवेदी आदित्य गुप्ता, मुकेश राजपूत, प्रशांत चतुर्वेदी आदि रहे।
