प्रतापगढ़ बीएसए समेत विभाग की तरफ से गठित की गई 22 टीमों ने शुक्रवार को बिहार ब्लॉक क्षेत्र के 124 स्कूलों का निरीक्षण कर पठन-पाठन और बच्चों के नामांकन की हकीकत खंगाली।
बीएसए भूपेंद्र सिंह शुक्रवार को विकासखंड बिहार के प्राथमिक विद्यालय अवतारपुर में निरीक्षण करने पहुंचे। यहां पर बच्चों की संख्या कम थी। सहायक अध्यापक कुतुबुद्दीन अनुपस्थित रहे।
संविलियन विद्यालय मीरी में नामांकन 252 के सापेक्ष मात्र 39 बच्चे उपस्थित थे और विद्यालय में भोजन चूल्हे पर बनाया जा रहा था। परिसर में बड़ी-बड़ी घास उगी थी। इस पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्यामलाल सरोज का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया। प्राथमिक विद्यालय देवर पट्टी में 132 के सापेक्ष 45 छात्र उपस्थित मिले। शैक्षणिक गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई। प्रभारी प्रधानाध्यापिका पूजा सिंह का वेतन रोक दिया गया है।
प्राथमिक विद्यालय सराव संस्था में 433 नामांकन के सापेक्ष मात्र 155 छात्र उपस्थित रहे। विद्यालय में शैक्षिक गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई। लापरवाही के चलते बीएसए ने बिहार ब्लॉक क्षेत्र प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक धर्मेंद्र मिश्र को निलंबित कर दिया है।
.png)
