आगरा। सिकंदरा क्षेत्र के एक होटल में युवक की आत्महत्या के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें एक शिक्षक और दो अन्य अज्ञात पर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का आरोप है। युवक के पिता का कहना है कि बेटे को नौकरी का झांसा देकर शिक्षक ने 5 लाख रुपये लिए थे। नौकरी नहीं लगवाई। रुपये मांगने पर टालमटोल कर रहा था। उसके नाम पर कई और लोगों से रुपये लिए थे। जगनेर के गांव मेवली निवासी दीपक (25) होटल में काम करता था। दहतोरा स्थित श्रीरामचंद्रपुरी कॉलोनी में रहता था। बृहस्पतिवार की सुबह उसने शास्त्रीपुरम के होटल अनमोल पैलेस में कमरा लिया। रात तक बाहर नहीं आने पर होटल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा खोला तो दीपक का शव फंदे से लटका मिला था। मामले में पिता वीरम सिंह ने सिकंदरा थाना में तहरीर दी। आरोप लगाया कि दीपक की मुलाकात पुष्पांजलि विहार के विवेक राजपूत से विवेक जगनेर के कंपोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक है। उसने बेटे को रोडवेज में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 5 लाख रुपये ले लिए।
दीपक का रोडवेज का एक परिचयपत्र बनवा दिया। मगर, ड्यूटी पर नहीं भेजा। बाद में बेटे के नाम से प्रधानमंत्री मुद्रा योजना में ऋण लेने की बात कही। दीपक के माध्यम से कई और लोगों से पांच लाख रुपये भी ठग लिए। लोग दीपक से रुपयों की मांग करते थे सुसाइड नोट में यह सब बात लिखी है। जिसे बहन के घर पर कपड़ों में छोड़ा था। थाना सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार शाही का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।

