बरेली। नई शिक्षा नीति के तहत सीबीएसई स्कूलों में विद्यार्थियों की गतिविधि पर नजर रखने के लिए विद्यार्थियों का हॉलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड बनाया जा रहा है। इस कार्ड में नर्सरी से 12वीं कक्षा तक के सभी विद्यार्थियों का डाटा रखा जाएगा।
इसे देखकर कोई भी अध्यापक विद्यार्थी की प्रतिभा का मूल्यांकन कर सकेगा। विद्यार्थी की खेल, सांस्कृतिक, सामाजिक और हर विषय में पढ़ाई के प्रति रुझान, उनकी विषय पर पकड़ आदि प्रोग्रेस कार्ड में दर्शाया जाएगा।
इस कार्ड को बनाने का फायदा यह भी रहेगा कि अध्यापक के तबादले के बाद आने वाला नया अध्यापक छात्र के प्रोग्रेस कार्ड को देख कर उसकी प्रतिभा का अनुमान लगा सकेगा। सिटी कोऑर्डिनेटर वीके मिश्रा ने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत विभिन्न मॉड्यूल बनाए गए हैं। इसमें विद्यार्थियों और अध्यापकों को शिक्षा के साथ संपूर्ण विकास के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

