नवगछिया, निज संवाददाता। रंगरा प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय मदरौनी पुवारी टोला में शुक्रवार को मध्याह्न भोजन के बनाने के दौरान सिलेंडर फटने के बाद इंद्रजीत कुमार सिंह, रसोइया सविता देवी मदरौनी और शिक्षक बिपिन कुमार निवासी महदतपुर को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान सूचना मिलने पर क्षेत्र के अन्य शिक्षक भी अनुमंडल अस्पताल पहुंचे। घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई।
विद्यालय में कुल पांच शिक्षकों में दो शिक्षक जमुई प्रशिक्षण में गए थे जबकि एक शिक्षक अवकाश पर थे। घटना में दो शिक्षकों के झुलसने की खबर मिलते ही इलाके के शिक्षकों की भीड़ अनुमंडल अस्पताल में उमड़ पड़ी। प्राथमिक विद्यालय नासी टोला मदरौनी के प्रधानाध्यापक नरेंद्र जयसवाल, मदरौनी के शिक्षक पवन सिंह ने बताया कि विद्यालय में सुरक्षा के सभी मानकों का पालन किया जाता है। रेगुलेटर में कोई खराबी नहीं होने की बात रसोइया ने बतायी। उसने कहा कि अचानक आग लग गयी और फिर दुर्घटना घट गई। घटना के बाद बीएओ निर्मला कुमारी, बीपीएम सौरभ कुमार विद्यालय पहुंचे और जानकारी ली। प्रखंड के एमडीएम प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि मैं छुट्टी पर हूं लेकिन मुझे सूचना मिली तो इसकी जानकारी ली। कोई छात्र घायल नहीं हुआ है। विद्यालय में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और अन्य लोगों ने निरीक्षण किया गया है। वरीय पदाधिकारी को भी जानकारी दे दी गई है। उन्होंने बताया कि घटना में दो शिक्षक और एक रसोईया गंभीर रूप से घायल हुएं हैं जो इलाजरत हैं। वहीं
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कुमारी निर्मला ने बताया कि बीपीएम के साथ विद्यालय पहुंचीं लेकिन विद्यालय का मुख्य दरवाजा बंद था। इसलिए घायल शिक्षक से मिलने अस्पताल गई। बहुत बड़ी घटना टल गई। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिसमें दो शिक्षक और एक रसोइया है।