बोले- जितनी मर्जी हो वायरल कीजिए वीडियो, मिडिल स्कूल परसडीह का मामला
स्कूल संचालन अवधि में विद्यालय कुर्सी पर बैठे शिक्षक का मेज पर पैर रखकर आराम फरमाने का वीडियो तेजी से वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में हेडमास्टर विद्यालय में उपस्थित तो हैं लेकिन पठन पाठन से इतर आराम फरमा रहे हैं। इस दौरान स्थानीय लोगों ने किसी तरह उनका वीडियो बना लिया।
उक्त पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो मदनपुर प्रखंड के पिरवां पंचायत अंतर्गत मध्य विद्यालय परसडीह का बताया जा रहा है। एक वीडियो में विद्यालय के हेडमास्टर जावेद खान वर्ग कक्ष में
कुर्सी पर कमर और टेबल पर पैर रखकर सोते नजर आ रहे हैं। वहीं दूसरी वीडियो उनके कार्यालय कक्ष है। जहां पर उक्त मुद्रा में ही चिर निद्रा में दिख रहे हैं। हालांकि दैनिक भास्कर वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। उक्त गांव के ग्रामीणों की मानें तो हेडमास्टर विद्यालय संचालन अवधि में बच्चों की पढ़ाई लिखाई पर कम ध्यान देते हैं। ज्यादा समय आराम फरमाते हैं। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में जब हेडमास्टर जावेद खान से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि इसके संबंध में हम कुछ नहीं बोलेंगे। जितना मर्जी वीडियो वायरल कीजिए, इससे कोई दिक्कत नहीं है। इस संबंध में डीपीओ सह प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रवि कुमार रोशन ने बताया कि वायरल वीडियो के बारे में जानकारी मिली है। वीडियो के सत्यता की जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर हेड मास्टर के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

