Primary Ka Master Latest Updates👇

Tuesday, December 17, 2024

यूपी में ठंड से छूटने लगी कंपकंपी, 24 घंटे को लेकर अलर्ट

 यूपी में सर्दी का कहर बढ़ता जा रहा है। दिन पर दिन कंपकंपी छूटने लगी है। हवा की दिशा बदलने से भी राहत नहीं मिली है। अयोध्या की रात एक बार फिर प्रदेश में सबसे ठंडी रही। यहां रात का पारा 3.5 डिग्री सेल्सियस रहा। कानपुर में भी शीतलहर बनी है। न्यूनतम पारा 4.7 डिग्री रहा जो सामान्य से चार डिग्री कम है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पूर्वी हवाएं लगातार बनी रहीं तो तापमान चढ़ सकता है। पश्चिमी विक्षोभों के कारण लगातार उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। सोमवार को हवा की दिशा में बदलाव हुआ, यह उत्तर-पूर्वी हो गई। इनसे उत्तर-पश्चिमी हवाओं का दबाव कम हो जाता है और हवा रुकने से गलन कम हो जाती है। दिन में उत्तर-पूर्वी हवाएं चलीं। रविवार के मुकाबले पारा मामूली रूप से बढ़ गया।




अयोध्या में न्यूनतम पारा सामान्य से काफी कम चल रहा है। नियामतपुर में न्यूनतम पारा 4.3 तो कन्नौज में 4.4 डिग्री रहा। कानपुर में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री रहा। पांचवें स्थान पर अमेठी रहा जहां रात का पारा 4.8 डिग्री रहा। बिजनौर, बुलंदशहर में रात का पारा पांच डिग्री रहा। सात शहर ऐसे रहे जिसमें न्यूनतम तापमान पांच डिग्री या इससे कम रहा। इटावा में न्यूनतम पारा 5.5, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मेरठ और नोएडा में न्यूनतम पारा 5.8 डिग्री रहा। झांसी का न्यूनतम तापमान 6.0 और अलीगढ़, बरेली और चित्रकूट का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री रहा।








इटावा का दिन सबसे ठंडा रहा। यहां तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बाराबंकी का अधिकतम पारा 21.4, अलीगढ़ 22.4, गौतमबुद्ध नगर 22.4, कन्नौज व मैनपुरी 22.9, मुरादाबाद 22.4, झांसी 23.7, बरेली 23.8 और कानपुर 23.8 डिग्री रहा। अयोध्या में दिन का तापमान 25 डिग्री पहुंच गया। इसी तरह बहराइच 27.6 डिग्री, गोरखपुर 25.7, लखनऊ 26.2 डिग्री पहुंच गया।




हवा की रफ्तार भी थमी


हवा की रफ्तार 30-35 किमी प्रति घंटा बनी हुई थी। 72 घंटे के बाद सोमवार को इसकी गति 3-5 किमी प्रति घंटा रह गई। औसत गति मात्र एक किमी प्रति घंटा रह गई। ठिठुरन भरी सर्दी इससे कुछ थम गई। अनुमान है कि अगले 24 घंटे में हवाएं फिर रफ्तार पकड़ेंगी।




अब पड़ेगा घना कोहरा


सोमवार को कोहरा भी रहा। रविवार को कोहरे में दृश्यता 1200 मीटर रह गई थी। शनिवार को यह 1800 मीटर थी। सोमवार को यह दृश्यता 400 मीटर रह गई। आगे भी कोहरे के आसार हैं। जलाशयों वाले क्षेत्रों में कोहरा घना होगा। शेष क्षेत्रों में यह हल्का हो सकता है। मंगलवार को घना कोहरा हो सकता है।




पाक, अफगान के विक्षोभ से सर्दी


पश्चिमी विक्षोभ अब पाकिस्तान व अफगानिस्तान पर बना हुआ है। इसके गुजरते ही तेज सर्द हवाएं फिर चलेंगी। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसी से हवा की दिशा बदली है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मंगलवार को शीतलहर बनी रहेगी। तापमान में मामूली बदलाव हो सकता है।


नजीबाबाद/बुलंदशहर प्रदेश का पांचवां सबसे ठंडा शहर


मेरठ समेत वेस्ट यूपी के शहर अब मौसम और प्रदूषण की दोहरी मार झेल रहे हैं। सोमवार को जहां नजीबाबाद और बुलंदशहर प्रदेश का पांचवा सबसे ठंडा शहर रहा। वहीं मेरठ ठंड और प्रदूषण की चपेट में आ गया है। मेरठ में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जबकि एक्यूआई 303 दर्ज हुआ, जो अत्यंत खराब श्रेणी में है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले 24 घंटे में मेरठ समेत वेस्ट यूपी में रात/सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा। दिन में आसमान साफ रहेगा।




अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 22 से 25 डिग्री सेल्सियस और 3.0 से 7.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। वेस्ट यूपी में देर रात/सुबह के समय कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार नजीबाबाद और बुलंदशहर प्रदेश का पांचवां सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री रिकार्ड हुआ। मेरठ में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम रहा। अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से अधिक माना जा रहा है।

यूपी में ठंड से छूटने लगी कंपकंपी, 24 घंटे को लेकर अलर्ट Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link