मधुमक्खियों के हमले में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की 52 छात्राएं जख्मी
प्रयागराज। चंद्रशेखर आजाद पार्क में शुक्रवार को शैक्षणिक भ्रमण पर आईं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं में भगदड़ मच गई। मधुमक्खियों के हमले से 52 छात्राएं घायल हो गईं, जिनका एसआरएन और चिल्ड्रेन अस्पताल में इलाज किया गया। इनमें तीन छात्राओं की हालात गंभीर होने पर आईसीयू में भर्ती किया गया है।
सूचना पर विभागीय अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे।
गंगापार के चार ब्लॉक फूलपुर, सैदाबाद, प्रतापपुर और बहादुरपुर के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों की कुल 101 छात्राओं का दल शुक्रवार को बस से शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क पहुंचा था।
दोपहर करीब दो बजे अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने इन पर हमला कर दिया। चीखती-चिल्लाती छात्राएं बचने के लिए भागने लगीं। इन्हें बचाने की कोशिश में कुछ शिक्षिकाओं को भी मधुमक्खियों ने डंक मारकर घायल कर दिया। शिक्षकों की सूचना पर विभागीय अधिकारियों ने तत्काल एंबुलेंस से छात्राओं को अस्पताल भेजा। घायल 42 छात्राओं को एसआरएन अस्पताल और दस छात्राओं को चिल्ड्रेन अस्पताल पहुंचाया गया। इसमें तीन छात्राओं की स्थिति गंभीर देखते हुए एसआरएन अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है।
एसआरएन अस्पताल की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीलम सिंह ने बताया कि घायल बालिकाओं का इमरजेंसी मेडिसिन विभाग में इलाज किया गया। गंभीर रूप से जख्मी तीन बालिकाओं आईसीयू में भर्ती कर शेष छात्राओं को छुट्टी दे दी गई है। उधर, चिल्ड्रेन अस्पताल की प्रभारी डॉ. मनीषा मौर्या ने बताया कि अस्पताल में दस बालिकाएं आई थीं। सभी की स्थिति सामान्य होने पर छुट्टी दे गई
ये छात्राएं हुईं घायल
विभागीय सूत्रों की मानें तो मधुमक्खियों के हमले से प्रतापपुर की हिमांशी, दिव्यांशी, पलक, राधा व पलक, सैदाबाद की निहारिका, सोनिका व रागिनी, बहादुरपुर की श्वेता, संस्कृति व काजल और फूलपुर ब्लॉक की प्राची, रागनी, आरोही, प्रिया, नंदनी, संजना व आंचल समेत अन्य छात्राएं घायल हुई थीं।
सफाईकर्मियों की लापरवाही बनी घातक
शिक्षा विभाग ने दावा किया कि पार्क में दो-तीन सफाईकर्मियों ने झाड़ू लगाकर एक पेड़ के नीचे कचरा इकट्ठा कर आग लगा दी थी। उसी पेड़ पर मधुमक्खियों का विशालकाय छत्ता था। आग और धुएं की वजह से मधुमक्खियों ने अचानक वहां से गुजर रहीं छात्राओं पर हमला कर दिया। उधर, पार्क में मौजूद कुछ लोगों ने छत्ते पर किसी युवक के ईंट मारने से मधुमक्खियों के हमले की आशंका व्यक्त की है।
यह गंभीर मामला है। सीएमओ और उद्यान अधीक्षक को जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। आखिरी ये मधुमक्खियां कहां से आईं और इस पर आगे क्या कार्रवाई की गई। सीएमओ को बालिकाओं के उपचार में किसी तरह की समस्या नहीं आने की भी हिदायत दी गई है।
- मनीष कुमार वर्मा, जिलाधिकारी
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्राओं पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया था। खंड शिक्षाधिकारियों और जिला समन्वयक के सहयोग से सभी घायल छात्राओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घायल तीन छात्राओं को एहतियातन अस्पताल में रखा गया है। शेष छात्राओं को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। - अनिल कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी

