कंपोजिट विद्यालय में घुसकर दहशत फैलाने वालों पर मेहरबान लालगंज पुलिस
संसू, जागरण, लालगंज : परिषदीय स्कूल में चल रही परीक्षा के दौरान अंदर घुसकर हंगामा करने व शिक्षकों से अभद्रता और दहशत फैलाने वाले आरोपितों पर लालगंज पुलिस मेहरबान है। इससे शिक्षकों में आक्रोश है। शिक्षक संघ के अध्यक्ष की अगुवाई में शुक्रवार को सीओ से मिलकर शिक्षकों ने नाराजगी जताई। प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष संतोष कुमार मिश्र साथी शिक्षकों के साथ सीओ आशुतोष मिश्र से मिले। नाराजगी जताते हुए बताया कि लालगंज कोतवाली के कंपोजिट विद्यालय पूरे केवल में 16 मार्च को सुबह 10 बजे बच्चों की परीक्षा चल रही थी।
इसी बीच गांव के ही तीन आरोपित अंदर घुस आए और रंजिशन प्रधानाध्यापक जीतलाल यादव को शिक्षण कक्षों में घुसकर खोजबीन करते हुए गाली व जानलेवा धमकी देने लगे। यह भी आरोप लगाया कि दबंगों ने सरकारी अभिलेखों को इधर-उधर फेंक दिया। उपस्थिति पंजिका को जबरिया फाड़ दिया। हंगामे के दौरान विद्यालय में तैनात शिक्षक अमित कुमार पाण्डेय एवं मंजीत कुमार ने समझाना चाहा तब उनके साथ भी अभद्रता की गई। आरोपितों के हंगामे से बच्चों व शिक्षकों में दहशत का माहौल बन गया। घटना को लेकर प्रधानाध्यापक जीतलाल यादव ने पुलिस को तहरीर सौंपी, लेकिन जांच के नाम पर पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। सीओ ने कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए शिक्षकों को शांत कराया। इस मौके पर प्राशिसं के मंत्री विष्णु कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष हिमांशु ओझा, प्रदीप कुमार पांडेय, अजय मिश्र, अमित पांडेय आदि शिक्षक मौजूद रहे।

