जिले के ब्रह्मपुर प्रखंड अंतर्गत बगेन गोला थाना क्षेत्र के एकरासी गांव की रहने वाली शिक्षिका सोनम कुमारी की सड़क हादसे के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना परिवार समेत पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बीपीएससी टीआरई-1 शिक्षिका सोनम कुमारी पूर्णिया जिले के डगरूआ प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय डुमरा में कार्यरत थीं। भारत सरकार की ओर से चलाए जा रहे जनगणना अभियान के तहत मकान सूचीकरण कार्य में उनकी ड्यूटी लगाई गई थी।
छह मई को वह शिक्षक सह सुपरवाइजर राजेंद्र कुमार के साथ बाइक से क्षेत्र में जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में अचानक बाइक से गिर जाने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान आठ मई को उनकी मौत हो गई। मृतका सोनम कुमारी एकरासी गांव निवासी रवि चंदन की पत्नी तथा राजेश कुमार सिंह की पुत्रवधू थीं। उनके असामयिक निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
