रिटायर जज राम औतार बने पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष
*• पांच सदस्यीय आयोग का विधिवत गठन किया गया**
**• त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में आरक्षण करेगा तय**
**लखनऊ,* यूपी में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रधान समेत विभिन्न पदों की सीटों पर ओबीसी आरक्षण तय करने के लिए हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश राम औतार सिंह की अध्यक्षता में समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग गठित कर दिया गया है।
पंचायती राज विभाग ने बुधवार को आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों के नाम तय किए। सेवानिवृत्त अपर जिला न्यायाधीश बृजेश कुमार, संतोष विश्वकर्मा, रिटायर आईएएस डा. अरविंद चौरसिया और एसपी सिंह को सदस्य बनाया गया है। प्रमुख सचिव, पंचायती राज अनिल कुमार की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है।
अध्यक्ष, सदस्यों का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से छह महीने का होगा। आयोग अपनी रिपोर्ट तीन महीने में दे सकता है या फिर तारीख सरकार बढ़ा भी सकती है। आयोग का मुख्यालय लखनऊ में होगा। फिलहाल आयोग जल्द अपना कार्य शुरू करेगा।

