दूधिया रोशनी में जगमग होंगे कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, लगेंगी सोलर लाइटें
ज्ञानपुर। जिले के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों (KGBV) में जल्द ही सोलर लाइटें लगाई जाएंगी। शिक्षा विभाग ने प्रत्येक विद्यालय में 15-15 वाट क्षमता की सोलर लाइटें लगाने की स्वीकृति दे दी है। इससे बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में भी विद्यालय परिसर रात के समय रोशन रहेगा और छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।
जिले में संचालित पांच कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इनमें ज्ञानपुर, भदोही, सुरियावां, औराई और डीघ ब्लॉक स्थित विद्यालय शामिल हैं। इन विद्यालयों में बड़ी संख्या में छात्राएं आवासीय व्यवस्था के तहत रहकर अध्ययन करती हैं।
सुरक्षा और सुविधा को मिलेगा बढ़ावा
विद्यालयों में कई बार बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण रात्रि के समय अंधेरे की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इसी को देखते हुए विभाग ने सोलर लाइट लगाने का निर्णय लिया है। योजना के तहत प्रत्येक विद्यालय में 15-15 वाट की सोलर लाइटें स्थापित की जाएंगी, जिससे बिजली न होने पर भी परिसर में पर्याप्त रोशनी बनी रहेगी।
विभाग ने शुरू की तैयारी
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय ने बताया कि निदेशालय स्तर से सोलर लाइट लगाने की स्वीकृति मिल चुकी है। बजट जारी होते ही विद्यालयों में सोलर लाइट लगाने का कार्य शुरू कराया जाएगा।
इस पहल से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में रहने वाली छात्राओं को सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिलेगा। साथ ही बिजली कटौती के दौरान भी विद्यालय परिसर दूधिया रोशनी से जगमगाता रहेगा।
