Primary Ka Master Latest Updates👇

Wednesday, July 29, 2026

पश्चिमी यूपी के आठ शहरों में अत्यधिक भारी वर्षा का अलर्ट

 पश्चिमी यूपी के आठ शहरों में अत्यधिक भारी वर्षा का अलर्ट

● संभल में जर्जर मकान की छत गिरने से मलबे में दबकर मासूम समेत दो लोगों की जान गई





लखनऊ मुख्य संवाददाता। बंगाल की खाड़ी पर बने सिस्टम की वजह से मानसून फिर सक्रिय हो गया है। यूपी, उत्तराखंड के अमौसी स्थित मुख्यालय के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी से उठा गहन अवदाब (डीप डिप्रेशन) ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तट पार करते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है।




इसके साथ ही निचले क्षोभमंडल में प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से पर बने चक्रवाती परिसंचरण और मानसूनी ट्रफ का असर दिखना शुरू हो गया है। इन सभी मौसमी तंत्रों के प्रभाव से प्रदेश में प्रादेशिक मानसून की सक्रियता तेजी से बढ़ेगी, जिससे तीन दिनों के दौरान प्रदेश भर में व्यापक बारिश होने का पूर्वानुमान है। वेस्ट यूपी के आठ शहरों में अत्यधिक भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट है।




संभल में मंगलवार सुबह बरसात में एक जर्जर मकान की छत गिरने से मलबे में दबने से मासूम बच्ची और उसकी ताई की मौत हो गई, जबकि छह अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।




दो दिन से शिवालिक पहाड़ियों पर हो रही भारी बारिश से सहारनपुर में शाकंभरी खोल सहित क्षेत्र की सभी नदियां उफान पर रहीं। सोमवार को शाकंभरी खोल में आए पानी के तेज बहाव से बाढ़ जैसे हालात बन गए थे। मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के बीच मंदिर प्रशासन एवं पुलिस ने शाकंभरी देवी आने वाले श्रद्धालुओं से 28 व 29 तारीख को मंदिर न पहुंचने की अपील की थी। मंगलवार को चतुर्दशी तिथि होने से सिद्धपीठ में हजारों श्रद्धालु पहुंचे। खोल में पानी का बहाव होने पर पुलिस ने श्रद्धालुओं को भूरादेव मंदिर के पास रोके रखा। पानी सामान्य होने पर ट्रैक्टर ट्राली की व्यवस्था कर सभी श्रद्धालुओं को माता के दर्शन करने की अनुमति दी गई।




मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार अगले 24 घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा और मुरादाबाद तथा इनके आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, झांसी और ललितपुर समेत करीब दो दर्जन से अधिक जिलों में भारी बारिश के आसार हैं। साथ ही लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, बदायूं, शाहजहांपुर, फतेहपुर, उन्नाव, रायबरेली, हरदोई, इटावा, मैनपुरी, कन्नौज और बुंदेलखंड के अधिकतर जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने (वज्रपात) की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटों में बिजनौर और सहारनपुर में तेज बारिश


मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बिजनौर में सबसे ज्यादा 80 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में 79 मिमी, सहारनपुर शहर में 74 मिमी, बिजनौर के धामपुर में 70 मिमी और लखीमपुर खीरी के निघासन में 65.4 मिमी भारी बारिश रिकॉर्ड की गई।

पश्चिमी यूपी के आठ शहरों में अत्यधिक भारी वर्षा का अलर्ट Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link