सरप्लस 73 में 37 हजार शिक्षकों को पांचवें विकल्प में ही मिला मनपसंद स्कूल
पटना : राज्य ब्यूरो, जागरण शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शुक्रवार को कहा कि शिक्षा विभाग अधिशेष (सरप्लस) और पारस्परिक (म्यूचुअल) स्थानांतरण की सूची शीघ्र जारी करने की तैयारी में है। सरप्लस शिक्षकों के 73,151 आवेदनों में से करीब 37 हजार शिक्षकों को उनके पहले से पांचवें विकल्प तक में ही मनपसंद विद्यालय मिल गए हैं। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं हैं। शिक्षकों को ऐच्छिक स्थानांतरण के लिए अधिकतम 30 विद्यालयों के विकल्प दिए गए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पहले भी यह कहा गया था कि शिक्षकों द्वारा दिए गए विकल्पों में शामिल विद्यालयों में ही उनका स्थानांतरण किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने एक बार फिर दोहराया कि स्थानांतरण की पूरी प्रक्रिया ऐच्छिक है। बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली, 2026 के तहत स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और आनलाइन तरीके से संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य शिक्षक हित में सरल और निष्पक्ष तरीके से स्थानांतरण की प्रक्रिया को पूरा
करना है। उन्होंने बताया कि सामान्य स्थानांतरण के लिए 17 सितंबर से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। इस चरण में वे शिक्षक भी आवेदन कर सकेंगे, जो 5 अगस्त तक आवेदन नहीं कर पाए थे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि विभाग का लक्ष्य 31 अक्टूबर तक स्थानांतरण से जुड़े सभी मामलों का निष्पादन कर देना है। इसके बाद शिक्षक पूरी ऊर्जा के साथ विद्यालयों में विद्यार्थियों के पठन-पाठन पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। कोर्ट के स्टे से जुड़े सवाल पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि याचिकाकर्ताओं को छोड़कर अन्य सभी शिक्षकों का स्थानांतरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर टीचर और लाइब्रेरियन की बहाली भी जल्द की जाएगी। विभाग इस दिशा में आवश्यक प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहा है।

