विकल्प वाले स्कूलों में ही होगा शिक्षकों का समायोजन
पटना। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी से शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल मिला। शिक्षकों की समस्याएं सुनने के बाद शिक्षा मंत्री ने उसके निराकरण का भरोसा देते हुए सरप्लस शिक्षकों का समायोजन उनके विकल्प वाले स्कूलों में ही किया जायेगा। विकल्प नहीं मिलने पर उन्हें हटाया नहीं जायेगा
प्रारंभिक शिक्षक कल्याण संघ के इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शशि रंजन सुमन एवं जदयू के प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक झा ने किया।
प्रतिनिधिमंडल ने बिहार स्थानांतरण नियमावली, 2026 के लिए मानक संचालन प्रक्रिया के तहत सरप्लस शिक्षकों के पदस्थापन, प्रधान शिक्षकों के पारस्परिक स्थानांतरण में विषय को हटाने व स्नातक ग्रेड में प्रोन्नति देते हुए सरप्लस शिक्षकों की कमी दूर करने का सुझाव दिया। नियोजित शिक्षकों की वर्षों से लंबित प्रोन्नति, ऐच्छिक स्थानांतरण, ग्रेच्युटी, विशिष्ट शिक्षकों व प्रधान शिक्षकों की भी प्रोन्नति, विशिष्ट शिक्षक, विद्यालय अध्यापक, प्रधान शिक्षक व प्रधानाध्यापक की सेवाकाल में मृत्यु पर उनके आश्रितों को सात लाख रुपये का अनुदान, सर्वोच्च न्यायालय के न्याय निर्णय के आलोक में अप्रशिक्षित शिक्षकों के स्थगित वेतन का भुगतान तथा एससीईआरटी द्वारा ओडीएल कोर्स में अनुत्तीर्ण अप्रशिक्षित शिक्षकों के लिए आयोजित विशेष परीक्षा के परिणाम की मांग की गयी। इन समस्याओं पर शिक्षा मंत्री ने संघ के प्रतिनिधियों से शीघ्र वार्ता का आश्वाशन दिया। प्रतिनिधिमंडल में संगठन के तिरहुत प्रभारी एजाज अहमद एवं सीतामढ़ी जिला कोषाध्यक्ष मो. तनवीर अहमद भी शामिल थे।

