यूपी में कमजोर पड़ा मानसून, फिर से परेशान करेगी उमस वाली गर्मी, मौसम विभाग की चेतावनी
लखनऊः उत्तर प्रदेश में अब मानसून कमजोर पड़ने लगा है और इसके संकेत भी मिलने लगे हैं. मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को सूबे के तराई और दक्षिणी क्षेत्रों को छोड़कर बाकी जिलों में छिटपुट बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि मानसून के कमजोर होने से सूबे में बारिश का सिलसिला कम हो जाएगा, ऐसे में प्रदेश के लोगों को फिर से उमस भरी गर्मी झेलनी पड़ सकती है. मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार से अगले एक हफ्ते तक यूपी में कहीं भी भारी बारिश की चेतावनी नहीं है.
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसूनी ट्रफ लाइन को एक बार फिर उत्तर की तरफ खिसकने के संकेत हैं और इसके असर से सोमवार और मंगलवार को तराई के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की परिस्थितियां बन सकती हैं. वहीं बीते शनिवार को पश्चिमी और पूर्वी जिलों में धूप-छांव की स्थिति रही.

