एआई नीति सभी विवि में लागू होगी
कानपुर, । प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में जल्द लागू किया जाएगा। इसके लिए दो कमेटियां गठित की गई हैं। इसमें एक एआई पॉलिसी एडवाइजरी कमेटी है और दूसरी एआई पॉलिसी इंप्लीमेंटेशन कमेटी है। हालांकि, राज्यपाल ने वैज्ञानिकों से कहा कि एआई का सुरक्षित उपयोग बड़ी चुनौती है, इसे जरूर ध्यान रखें। कहीं, ऐसा न हो कि कोई शिक्षक या छात्र एआई की दुरुपयोग कर समाज को हानि पहुंचाए।
छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में दो दिवसीय एआई मंथन 2.0 के समापन पर राज्यपाल ने कहा कि एआई पॉलिसी एडवाइजरी कमेटी में आईआईटी खड़गपुर के पूर्व निदेशक प्रो. पार्थ प्रतिम चक्रवर्ती, बिट्स पिलानी समूह के कुलपति प्रो. वी रामगोपाल राव, बॉरलग इंस्टीट्यूट ऑफ साउथ एशिया के डॉ. बीएम प्रसन्ना, एम्स दिल्ली की प्रो. कृथिका रंगराजन और छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक हैं।
वहीं, एआई पॉलिसी इंप्लीमेंटेशन कमेटी में तकनीकी विवि के लिए एकेटीयू के कुलपति प्रो. जेपी पांडेय, चिकित्सा के लिए केजीएमयू कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद, कृषि के लिए डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विवि के कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह, सामान्य के लिए चौधरी चरण सिंहविवि मेरठ की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला और सदस्य संयोजक के रूप में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विवि के कुलपति प्रो. केपी सिंह हैं।

