बहराइच: उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ, देवीपाटन मंडल की बैठक रविवार को एक धर्मशाला में आयोजित की गई। इसमें मंडल के बलरामपुर, गोंडा, श्रावस्ती और बहराइच जिलों के शिक्षक पदाधिकारियों ने प्रतिभाग कर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की।
बैठक का आयोजन श्रावस्ती के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश एवं महामंत्री घनश्याम मिश्र की ओर से किया गया। बैठक में शिक्षकों की 17140 वेतनमान संबंधी विसंगतियों को दूर करने, पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू करने तथा वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यताओं से मुक्ति प्रदान करने की मांग उठाई गई।
पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण कराया जाना जरूरी है। बैठक में देवीपाटन मंडल के लंबित जनपदीय चुनाव कराने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने चुनाव प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कराने पर जोर दिया।
इस दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों और शिक्षकों के हितों से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में मंडल अध्यक्ष परवेज अकरम, मंडल महामंत्री सुधारकर सिंह और मंडल उपाध्यक्ष अरुण कुमार मिश्र समेत विभिन्न जनपदों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
सभी ने शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को संगठन के माध्यम से मजबूती से उठाने की बात कही। बैठक में आपसी समन्वय और संगठन को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। शिक्षकों के हित में एकजुट होकर अपनी मांगें उठाने की बात कही गई।
शिक्षकों के प्रशिक्षण का हुआ समापन
बाबागंज: ब्लॉक संसाधन केंद्र बाबागंज नवाबगंज में परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के लिए आयोजित पांच दिवसीय एफएलएन प्रशिक्षण का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण खंड शिक्षा अधिकारी राधेश्याम वर्मा के निर्देशन में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण में संदर्भदाता शैलेंद्र कुमार, विमल अग्निहोत्री, जितेंद्र बहादुर पटेल, अब्दुल कदीर, अभिषेक कुमार मौर्या, संदीप सोनकर आदि ने शिक्षकों को एनसीईआरटी की नवीन पाठ्यपुस्तकों, शिक्षक संदर्शिकाओं और कार्य पुस्तिकाओं के प्रभावी प्रयोग की जानकारी दी।
समापन अवसर पर शिक्षकों से प्रशिक्षण में अर्जित ज्ञान एवं नवीन शिक्षण रणनीतियों को विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू करने का आह्वान किया गया।
