छात्राओं से दुष्कर्म के मुख्य आरोपी शिक्षक की कोर्ट परिसर में पिटाई, चचेरा भाई भी गिरफ्तार
मध्य विद्यालय नथुनी अहीर के डेरा में छात्राओं के साथ दुष्कर्म के आरोपित शिक्षक वीरेंद्र पाल को मंगलवार को बक्सर कोर्ट परिसर में पकड़ कर लोगों ने पिटाई कर दी. वहीं, पुलिस ने मुख्य आरोपित को भागने में सहयोग करने के आरोप में उसके चचेरे भाई को भी गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में यह चौथी गिरफ्तारी है बताया जाता है कि आरोपित शिक्षक को पेशी के लिए न्यायालय लाया गया था. इसी दौरान कोर्ट परिसर में आक्रोशित लोगों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी।
मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने किसी तरह उसे बचाकर कोर्ट में पेश किया. गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है. इनमें प्रधानाध्यापक मोहम्मद इमाम अली अंसारी, शिक्षक अरविंद कुमार, शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद उर्फ वीरेंद्र पाल और उसका सहयोगी विकास कुमार शामिल हैं. वीरेंद्र पाल को रविवार की रात बक्सर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक से गिरफ्तार किया गया था. वहीं, वीरेंद्र पाल का चचेरा भाई विकास कुमार उसे पुलिस से बचाने और एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने में सहयोग कर रहा था, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार किया गया.
छात्राओं से छेड़खानी के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार
मांझी (सारण). मांझी प्रखंड के महम्मदपुर पूरब पट्टी स्थित उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय में दो नाबालिग छात्राओं से छेड़खानी के आरोप में शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया. शिक्षक की पहचान गांव के ही मनोज कुमार के रूप में हुई है. घटना की जानकारी तब सामने आयी जब सोमवार शाम छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को शिक्षक की करतूत बतायी. इसके बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया. मंगलवार सुबह प्रार्थना सत्र के दौरान छात्राओं के परिजनों के साथ सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंच कर हंगामा किया.

