गायब अधिकारी, शिक्षक से मांगा गया स्पष्टीकरण
छपरा, हि.प्र.। जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत किरण ने शनिवार को दो मामलों में स्पष्टीकरण मांगा है। इनमें बीएसईआईडीसी, सारण के उप प्रबंधक तकनीकी (डीएमटी) और मकेर स्थित राजेन्द्र विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विशिष्ट शिक्षक शामिल हैं। पत्र के अनुसार, विभागीय कार्यवश खोजबीन के दौरान डीएमटी को मुख्यालय में उपस्थित नहीं पाया गया। सक्षम प्राधिकार से पूर्वानुमति लिए बिना मुख्यालय से अनुपस्थित रहने को सरकारी कार्य के प्रति लापरवाही और स्वेच्छाचारिता माना गया है।
डीईओ ने 24 घंटे के अंदर अनुपस्थिति का कारण स्पष्ट करने का निर्देश दिया है अनुपस्थित अवधि का वेतन स्थगित करने की बात कही गई है। मकेर के राजेन्द्र विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में औचक निरीक्षण के दौरान विशिष्ट शिक्षक प्रमोद कुमार सिंह पर शिक्षण कार्य में रुचि नहीं लेने का आरोप लगाया गया। पत्र में कहा गया है कि पूछताछ के दौरान उनके जवाब में अनुशासनहीनता और उद्धंडता परिलक्षित हुई।
