ग्रुप से निकाला नंबर, MLA बनवाने के नाम पर किया शोषण; बक्सर के शिक्षक पर महिला सहकर्मी के साथ दुष्कर्म का आरोप
बक्सर। जिले में सामने आए शिक्षक-छात्रा प्रकरण के बीच बक्सर के एक शिक्षक के खिलाफ गया में यौन शोषण, धोखाधड़ी, जबरन वसूली और साजिश समेत विभिन्न आरोपों में प्राथमिकी का मामला सामने आया है।
आचार्य नरेंद्र देव मध्य विद्यालय में पदस्थापित शिक्षक प्रकाश पाठक उर्फ मि. राइट के खिलाफ गया में यौन शोषण, धोखाधड़ी, जबरन वसूली और साजिश समेत विभिन्न आरोपों में प्राथमिकी होने के बावजूद बक्सर शिक्षा विभाग ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
आरोपित शिक्षक विद्यालय में नियमित ड्यूटी कर रहे हैं और उनकी हाजिरी भी बन रही है। जिले में शिक्षक-छात्रा प्रकरणों के बीच यह मामला सामने आया है। गया की एक महिला शिक्षिका के परिवाद पर गया कोतवाली थाने में शिक्षक समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी हुई है। मामला जून का बताया जा रहा है।
विधायक बनवाने का दिखाया सपना
प्राथमिकी में शिक्षिका ने आरोप लगाया है कि प्रकाश पाठक ने शिक्षकों की विभागीय समस्याओं के लिए बने व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए संपर्क किया। ऊंची पहुंच का हवाला देते हुए उन्हें शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधायक बनवाने का भरोसा दिया।
फरवरी 2024 में शिक्षकों की बैठक के नाम पर वाराणसी बुलाया गया, जहां संगठन की जरूरत बताकर 1.50 लाख रुपये मांगे गए। वाराणसी के एक होटल में कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने के बाद जबरन यौन शोषण का आरोप है।
घटना का अश्लील वीडियो बनाकर प्रसारित करने और जान से मारने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल किया गया। बदनामी के डर से उन्होंने अलग-अलग समय पर नगद और ऑनलाइन रकम दी। रकम न दे पाने पर गया के होटल में बुलाकर धमकी दी जाती थी।
आरोपितों में कृष्णा कुमार प्रजापति और गंगाराम मदन प्रसाद भी शामिल हैं। पीड़िता ने 22 अक्टूबर 2024 को गया के वरीय पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन भी दिया था।
