चायल। चरवा कोतवाली इलाके के चिल्ला शहबाजी गांव के पास सोमवार की दोपहर एक शिक्षक को उसके ही विद्यालय के छात्रों ने रास्ते में रोककर पीट दिया। आरोप है कि छात्रों ने शिक्षक के साथ लूटपाट भी की। स्थानीय लोगों ने बीचबचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। शिकायत पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
चरवा कोतवाली के स्थानीय पश्चिम थोक निवासी नीरज
उपाध्याय शिक्षक हैं। इन दिनों वह पूरामुफ्ती बाजार स्थित एक पब्लिक स्कूल में अध्यापन का कार्य करते हैं। सोमवार दोपहर वह विद्यालय से घर जा रहे थे तभी रास्ते में चरवा के चिल्ला शाहबाजी गांव के पास पहले से ही घात लगाए बैठे विद्यालय के छह छात्रों ने शिक्षक को रोक लिया। आरोप है कि जब तक नीरज कुछ समझ पाते छात्रों ने
गालीगलौज करते हुए उनकी पिटाई शुरू कर दी। लोगों के बीचबचाव के बाद हमलावर हुए छात्र शिक्षक को धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस को दी तहरीर में शिक्षक ने अपने साथ लूट की भी बात कही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच में लूट की कहानी गलत साबित हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद
