मैनपुरी। नवोदय विद्यालय में छात्रा की हत्या व दुष्कर्म के मामले में पॉक्सो कोर्ट से अनुमति के बाद पॉलीग्राफी टेस्ट की प्रक्रिया एसआईटी के कैंप कार्यालय पर शुरू हो गई है। लखनऊ से आई विशेषज्ञों की टीम द्वारा पांच संदिग्धों के टेस्ट किए गए। मंगलवार को कुछ और लोगों को बुलाया गया है।
भोगांव क्षेत्र के नवोदय विद्यालय में 16 सितंबर 2019 को एक छात्रा की कथित हत्या व दुष्कर्म की घटना को दो साल से अधिक का समय बीत चुका है। करीब डेढ़ माह पूर्व हाईकोर्ट की फटकार के बाद एडीजी भानु भास्कर के निर्देशन में नवगठित एसआईटी मामले की जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार दो सौ से अधिक लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। वहीं 170 से अधिक लोगों की डीएनए जांच कराई जा चुकी है। पॉलीग्राफी टेस्ट कराने की प्रक्रिया रविवार की शाम से कैंप कार्यालय में शुरू हुई। पॉक्सो कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद एसआईटी गवाहों का नार्को टेस्ट कराने की तैयारी में है।
